बिहार चुनाव: एनडीए की ऐतिहासिक जीत

modi nitish

नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों में बीजेपी–जेडीयू नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए सभी पूर्वानुमानों को पीछे छोड़ दिया।
243 सीटों में से 207 सीटों पर बढ़त/जीत के साथ एनडीए ने एकतरफा जीत दर्ज की है। नतीजों से साफ है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जोड़ी एक बार फिर बिहार की राजनीति में प्रभावी साबित हुई है। वहीं विपक्ष का लगभग सूपड़ा साफ हो गया है — आरजेडी, कांग्रेस और वाम दलों को करारी शिकस्त मिली है।

एनडीए में खुशी की लहर – ‘मोदी–नीतीश की जोड़ी सुपरहिट’

बीजेपी ने नतीजों के बाद सोशल मीडिया पर जीत का जश्न मनाया। बिहार बीजेपी ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा — “जोड़ी मोदी–नीतीश के हिट हो गईल, बिहार के विकास फिर रिपीट हो गईल।” एक अन्य पोस्ट में लिखा गया — “दो भाई मोदी–नीतीश की जोड़ी सुपरहिट है! यह ऐतिहासिक जीत सुशासन की जीत है।”

सीटों का पूरा गणित

एनडीए गठबंधन (कुल 207 सीटें)

  • बीजेपी – 95 सीटें

  • जेडीयू – 84 सीटें

  • एलजेपी (रामविलास) – 19 सीटें

  • हम – 5 सीटें

  • आरएलएम – 4 सीटें

एनडीए की जीत का यह आंकड़ा पिछले कई चुनावों की तुलना में सबसे बड़ा जनादेश माना जा रहा है।

महागठबंधन का बुरा हाल (केवल 29 सीटें)

  • आरजेडी – 24 सीटें

  • कांग्रेस – 2 सीटें

  • सीपीआई–एम – 1 सीट

  • सीपीआई(एमएल) – 2 सीटें

अन्य में 7 सीटें हैं, जिसमें AIIMIM (ओवैसी) – 6 सीटें, BSP – 1 सीट शामिल हैं। विपक्ष इस चुनाव में लगभग पूरी तरह धराशायी हो गया।

बीजेपी नेता अमित मालवीय ने राहुल गांधी पर कसा तंज

चुनाव परिणामों के बाद बीजेपी आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा — “राहुल गांधी! एक और चुनाव, एक और हार! अगर निरंतर हारने के लिए कोई पुरस्कार होता, तो वह आपको ही मिलता।” मालवीय ने दावा किया कि राहुल गांधी ने पिछले दो दशकों में 95 चुनावी हारें झेली हैं।
उन्होंने कहा — “कई लोग उन्हें 9 से 5 बजे तक ‘दोषारोपण करने वाले नेता’ कहेंगे। लेकिन 95 हार अपने आप में रिकॉर्ड है।”

बिहार का जनादेश स्पष्ट है — राज्य ने मोदी–नीतीश नेतृत्व में फिर से भरोसा जताया है और विपक्ष को मजबूत संदेश दिया है। एनडीए की यह जीत न सिर्फ बिहार की राजनीति को नया स्वरूप दे रही है, बल्कि 2026–27 की राष्ट्रीय राजनीति पर भी दूरगामी प्रभाव डाल सकती है।

केशव मौर्य ने सेट किया अगला टारगेट

उधर बीजेपी के एक और दिग्गज नेता और यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने बिहार जीत को जमकर सराहा है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट में जहां बिहार जीत का जिक्र किया वहीं पार्टी का अगला टारगेट भी सेट कर दिया। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा- ‘मगध जीता, अवध भी जीतेंगे। 2027 में 2017 दोहराएंगे!’