रिश्वत लेते GST सहायक आयुक्त अंचला गिरी और CA इमरान मेमन गिरफ्तार
कांकेर/रायपुर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। एसीबी ने स्टेट जीएसटी (GST) विभाग की सहायक आयुक्त अंचला गिरी को 1 लाख 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस मामले में रिश्वत की मध्यस्थता करने वाले सीए (CA) इमरान मेमन को भी गिरफ्तार किया गया है।
एसीबी की टीम को देख नाली में फेंके पैसे
यह पूरी कार्रवाई शनिवार दोपहर करीब 2 बजे अंचला गिरी के कांकेर स्थित निवास पर की गई। रायपुर और जगदलपुर से पहुंची 18 सदस्यीय संयुक्त एसीबी टीम को अपने घर के सामने देखकर सहायक आयुक्त हड़बड़ा गईं और उन्होंने रिश्वत में मिले 1.50 लाख रुपये हड़बड़ी में घर के बाहर नाली में फेंक दिए। हालांकि, सतर्क एसीबी टीम ने तुरंत नाली से पैसे बरामद कर लिए और उनके हाथ धुलवाए, जिससे रिश्वत लेने की वैज्ञानिक पुष्टि हुई।
वाहन छोड़ने और केस में राहत देने के बदले मांगी थी घूस
एसीबी से मिली जानकारी के अनुसार, कांकेर निवासी कारोबारी शोएब रंगरेज ने एंटी करप्शन ब्यूरो में इसकी शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि स्टेट जीएसटी विभाग की सहायक आयुक्त अंचला गिरी ने ई-वे बिल से संबंधित एक मामले में उनके ट्रक (वाहन) को रोक दिया था। इस वाहन को रिलीज करने और जीएसटी प्रकरण में राहत देने के एवज में अधिकारी द्वारा 1.50 लाख रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी।
यह भी आरोप है कि मांग पूरी न करने पर भारी चालानी कार्रवाई की धमकी दी गई थी और रिश्वत की यह रकम सीए इमरान मेमन के जरिए पहुंचाने को कहा गया था। प्रार्थी रिश्वत देने के बजाय उन्हें रंगे हाथों पकड़वाना चाहता था, जिसके बाद उसने साक्ष्यों के साथ एसीबी में शिकायत दर्ज कराई। सत्यापन में मामला सही पाए जाने पर टीम ने शनिवार को ट्रैप की योजना बनाई।
आय से अधिक संपत्ति की भी जांच शुरू
रिश्वत के मामले में गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम ने अंचला गिरी के निवास पर तलाशी अभियान (छापेमारी) शुरू कर दी है। डीएसपी रमेश कुमार मरकाम ने बताया कि आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के संदेह में उनके घर में मौजूद चल-अचल संपत्ति, बैंक दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण निवेश रिकॉर्ड्स की बारीकी से जांच की जा रही है।
भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज
एसीबी ने सहायक आयुक्त अंचला गिरी और मध्यस्थ इमरान मेमन (उम्र 30 वर्ष, निवासी संजय नगर, कांकेर) के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 और 12 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और दोनों से पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई से जीएसटी विभाग और स्थानीय प्रशासनिक गलियारे में हड़कंप मच गया है।
