ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर 100 मीटर गहरी खाई में गिरी बस, 8 की मौत

0
bus hadsa 17.11
ऋषिकेश: उत्तराखंड के ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार तड़के एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मुनि की रेती थाना क्षेत्र के अंतर्गत गूलर बाजार के पास यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 100 मीटर नीचे खाई (गदेरे) में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
हरिद्वार से जोशीमठ जा रही थी बस
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बस ‘विश्वनाथ सेवा’ की थी, जो तड़के हरिद्वार से जोशीमठ की ओर रवाना हुई थी। मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे गूलर बाजार के समीप चालक ने बस से नियंत्रण खो दिया और यह हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे।
SDRF और पुलिस का रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की ब्यासी तथा ढालवाला पोस्ट की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। अंधेरा और गहरी खाई होने के बावजूद बचाव दलों ने रस्सियों के सहारे नीचे उतरकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। SDRF सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर बैकअप टीमें भी मौके पर भेजी गईं। बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से पिचक चुका था, जिसके चलते यात्रियों को बाहर निकालने में बचाव दल को भारी मशक्कत का सामना करना पड़ा।
कई राज्यों के तीर्थयात्री थे सवार
खाई से निकाले गए सभी 20 से 26 घायलों को एंबुलेंस की मदद से ऋषिकेश के नजदीकी सरकारी और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। इस बस में स्थानीय लोगों के अलावा बाहरी राज्यों के तीर्थयात्री भी सफर कर रहे थे। घायलों में झारखंड, बिहार (पटना), असम, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल (कोलकाता) के निवासी शामिल हैं।
टिहरी जिले की जिलाधिकारी (DM) नितिका खंडेलवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्वेता चौबे ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों का जायजा लिया। प्रशासन मृतकों की पहचान करने में जुटा है और दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *