कांग्रेस के दो सांसदों के बीच थप्पड़ मारने का वीडियो वायरल
नागपुर/नई दिल्ली। कांग्रेस के दो सांसदों के बीच बस में हुए एक घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। वीडियो में महाराष्ट्र के रामटेक से कांग्रेस सांसद श्यामकुमार बर्वे, चंद्रपुर की सांसद प्रतिभा धानोरकर को हल्के से थप्पड़ मारते दिखाई दे रहे हैं। मामला 1 नवंबर को दिल्ली में आयोजित कांग्रेस की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली के दौरान का बताया जा रहा है।
पार्टी के वरिष्ठ नेताओं तक पहुंची शिकायत
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कांग्रेस के कुछ पदाधिकारियों ने इस घटना को लेकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, सोनिया गांधी और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल सहित वरिष्ठ नेताओं को ईमेल भेजकर शिकायत की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सांसद का यह व्यवहार पार्टी की छवि और महिला नेताओं के सम्मान से जुड़े मुद्दों पर गलत संदेश देता है। शिकायतकर्ताओं ने मामले का संज्ञान लेकर संगठनात्मक अनुशासन के तहत कार्रवाई करने की मांग की है।
10 सेकंड के वीडियो में क्या दिखा?
वायरल वीडियो करीब 10 सेकंड का बताया जा रहा है। इसमें कांग्रेस सांसद बस में बैठे दिखाई देते हैं। प्रतिभा धानोरकर अपनी सीट पर बैठी हैं, जबकि श्यामकुमार बर्वे उनके पास खड़े नजर आते हैं। इसी दौरान बर्वे उन्हें हल्के से थप्पड़ मारते दिखाई देते हैं। वीडियो में धानोरकर कुछ देर बाद उनकी तरफ नाराजगी से देखती नजर आती हैं।
यह घटना उस समय की बताई जा रही है, जब कांग्रेस सांसद दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित रैली में शामिल होने जा रहे थे।
श्यामकुमार बर्वे ने दी सफाई
विवाद बढ़ने के बाद सांसद श्यामकुमार बर्वे ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रतिभा धानोरकर उनकी छोटी बहन जैसी हैं। उनके मुताबिक, बस में सांसदों के बीच हंसी-मजाक चल रहा था और उसी दौरान यह घटना हुई।
बर्वे ने आरोप लगाया कि वीडियो को राजनीतिक रूप देकर पार्टी के आंदोलन को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने शिकायत के लिए भेजे गए कथित ईमेल को भी फर्जी बताया और इसकी जांच कराने की बात कही।
प्रतिभा धानोरकर ने भी बताया मजाक का हिस्सा
प्रतिभा धानोरकर ने भी मीडिया से बातचीत में घटना को सांसदों के बीच चल रहे मजाक से जुड़ा बताया। उन्होंने कहा कि बर्वे के साथ बातचीत और हंसी-मजाक के दौरान यह हुआ था। उन्होंने कैमरे के सामने इस मुद्दे पर विस्तार से बोलने से परहेज किया।
अब कांग्रेस नेतृत्व के रुख पर नजर
वीडियो वायरल होने और शिकायत की खबर सामने आने के बाद इस मामले पर कांग्रेस नेतृत्व की प्रतिक्रिया का इंतजार है। फिलहाल दोनों सांसदों ने घटना को आपसी हंसी-मजाक बताया है, जबकि शिकायतकर्ताओं ने इसे अनुशासन और महिला सम्मान से जुड़ा मामला बताते हुए कार्रवाई की मांग की है।
अब देखना होगा कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व इस पूरे घटनाक्रम पर क्या रुख अपनाता है।
