हज के अंतिम चरण पर, सऊदी में ईद-अल-अजहा मनाया गया
मीना (सऊदी अरब), अरब जगत में मुसलमान आज ईद-अल-अजहा मना रहे हैं जबकि भारत समेत दुनिया भर से सऊदी अरब आए हजयात्री हज की आखिरी रस्म अदा कर रहे हैं।
हज यात्रियों ने मंगलवार को मीना में एक परिसर में शैतान के प्रतीक तीन खंभों पर कंकड़ियां फेंकी। मुसलमान मानते हैं कि शैतान ने पैगंबर इब्राहीम को अल्लाह का हुक्म मानने से रोकने की कोशिश की थी।
मुसलमानों की मान्यता है कि अल्लाह ने हजरत इब्राहीम को अपनी सबसे कीमती चीज, अपने इकलौते बेटे हजरत इस्माईल को कुर्बान करने को कहा था। हजरत इब्राहीम ने अल्लाह के हुक्म पर अमल करना चाहा लेकिन अल्लाह ने उनके हाथों एक दुंबा कुर्बान करवा दिया और हजरत इस्माईल को बचा लिया। मुसलमान इसकी पैरवी करते हुए ईद-अल-अजहा में जानवरों की कुर्बानी देते हैं। कुर्बानी का गोश्त गरीबों और जरूरतमंदों में बांटा जाता है। हज का समापन ईद-अल-अजहा के साथ होता है।

