“जनता की आवाज़” नाटक ने दिया लोकतंत्र की जीत का संदेश

0
madar seva sansthan 1

लखनऊ। राजधानी के कोटवा (वार्ड न. 10) में मदर सेवा संस्थान के 21वें और चबूतरा थिएटर पाठशाला के 12वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में ‘संवैधानिक युवा मेले’ का शानदार आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंचित नाटक “जनता की आवाज़” ने दर्शकों को झकझोर कर रख दिया और यह संदेश दिया कि लोकतंत्र की असली जीत जागरूक जनता और युवाओं की भागीदारी में है।

सत्ता के घमंड और युवा चेतना का टकराव

मेले का मुख्य आकर्षण मोहम्मद अमन द्वारा लिखित और श्रीकांत गौतम व अमन के निर्देशन में तैयार नाटक ‘जनता की आवाज़’ रहा। नाटक में 20 युवा कलाकारों ने अभिनय के माध्यम से सत्ता के अहंकार और भ्रष्टाचार की कहानी को जीवंत किया। कहानी एक गाँव के इर्द-गिर्द घूमती है, जहाँ लवकुश नामक नेता अपने पद के मद में जनता की समस्याओं को अनसुना करता है।

तभी राजवीर के रूप में एक ईमानदार और जागरूक युवा नेतृत्व उभरता है। राजवीर और उसके साथियों (प्राची, रुचि, अंजली और अनुराग) की एकजुटता ने न केवल नेता के घमंड को तोड़ा, बल्कि ग्रामीणों को भी उनके अधिकारों के प्रति सचेत किया। अंत में, लोकतांत्रिक प्रक्रिया से राजवीर की जीत को सेवा और जवाबदेही की जीत के रूप में दिखाया गया।

गीत और संवादों ने बांधा समां

नाटक के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। युवाओं ने “तू ज़िंदा है…”, “वो सुबह कभी तो आएगी” और “रुके ना जो झुके ना जो” जैसे प्रेरणादायी गीतों से जोश भर दिया। वहीं गायक दक्ष ने ग़ज़ल और “ज़िन्दगी मौत ना बन जाये सम्भालो यारों” जैसे गीतों से माहौल को संगीतमय बना दिया। मोहम्मद अमन द्वारा प्रस्तुत एकल नाटक, जो एक बच्चे के अपनी दिवंगत माँ के प्रति प्रेम और खोज पर आधारित था, ने उपस्थित दर्शकों की आँखें नम कर दीं।

संविधान की पाठशाला और पुरस्कार वितरण

कार्यक्रम के दौरान श्रीकांत गौतम ने युवाओं से संविधान से संबंधित 10 सवाल पूछे। सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। सभी 50 प्रतिभागी कलाकारों को प्रमाण पत्र, मोमेंटो और पुस्तकें भेंट की गईं। संस्था के सचिव महेश चंद्र देवा ने कार्यक्रम का सफल संचालन किया।

गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति

कार्यक्रम का शुभारंभ शिक्षा विभाग की संयुक्त निदेशक सांत्वना तिवारी, ग़ज़ल गायक मिथिलेश लखनवी, गृह मंत्रालय के सेवानिवृत्त अधिकारी प्रदीप एन. बालिया, बीकेटी चेयरमैन गणेश रावत और बदलाव फाउंडेशन के शरद पटेल ने किया। इस मौके पर फिल्म अभिनेता विवेक प्रभाकर, रंगकर्मी मोनिका अग्रवाल और प्रियंक सहित लगभग 300 से अधिक युवा और क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *