नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने बुढ़ाना में खरीदी 56 बीघा जमीन
मुजफ्फरनगर/बुढ़ाना | बॉलीवुड में अपनी सादगी और दमदार अभिनय के लिए मशहूर नवाजुद्दीन सिद्दीकी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह उनकी कोई फिल्म नहीं, बल्कि उनके पैतृक गांव बुढ़ाना के प्रति उनका गहरा लगाव है। अभिनेता ने हाल ही में बुढ़ाना तहसील पहुंचकर करीब 56 बीघा (लगभग 10 करोड़ रुपये मूल्य) कृषि भूमि की रजिस्ट्री अपने नाम कराई है।
तहसील में लगी प्रशंसकों की भीड़
शुक्रवार को जैसे ही यह खबर फैली कि नवाज खुद तहसील आए हैं, उनके पुराने दोस्तों और प्रशंसकों की भारी भीड़ वहां जमा हो गई। नवाजुद्दीन अपने भाइयों—फिल्म निर्माता फैजुद्दीन सिद्दीकी, अलमासुद्दीन और माजुद्दीन के साथ उप-निबंधक (Sub-Registrar) कार्यालय पहुंचे थे। वहां उन्होंने सब-रजिस्ट्रार पंकज कुमार जैन की मौजूदगी में बैनामे की प्रक्रिया पूरी की और कागजों पर हस्ताक्षर किए।
“गांव आकर मिलता है सुकून”
रजिस्ट्री के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान नवाजुद्दीन बेहद सहज नजर आए। उन्होंने कहा: “जब भी मैं अपने गांव आता हूं, मुझे एक अलग ही सुकून मिलता है। यहाँ की मिट्टी और लोगों से मेरा गहरा जुड़ाव है। हालांकि सालों के फासले के बाद बचपन के कुछ दोस्तों को पहचानने में थोड़ी मुश्किल होती है, लेकिन उनसे मिलकर पुरानी यादें ताजा हो जाती हैं।”
आगामी फिल्में और खेती का शौक
नवाजुद्दीन ने बताया कि आने वाले समय में उनकी 4 से 5 फिल्में रिलीज होने के लिए तैयार हैं। फिल्मों की व्यस्तता के बावजूद उन्होंने खेती के प्रति अपने पुराने शौक को बरकरार रखा है। आपको बता दें कि उनके परिवार के पास पहले से ही इस क्षेत्र में काफी जमीन है, और अब 56 बीघा की इस नई खरीद से उन्होंने अपनी खेती के विरासत को और आगे बढ़ाया है।
