PM KUSUM Yojana: सोलर पंप हुए सस्ते, बुकिंग के लिए बचा सिर्फ एक दिन
ब्यूरो रिपोर्ट | लखनऊ। महंगी बिजली और डीजल की मार झेल रहे उत्तर प्रदेश के अन्नदाताओं के लिए बड़ी खुशखबरी है, लेकिन इस अवसर का लाभ उठाने के लिए अब उनके पास सिर्फ 24 घंटे का समय बचा है। ‘प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा व उत्थान महाभियान’ (पीएम कुसुम) के तहत वर्ष 2025-26 के लिए योगी सरकार ने 40,521 सोलर पंप अनुदान पर देने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 15 दिसंबर (कल) निर्धारित की गई है।
सरकार ने इस महाभियान के लिए खजाना खोल दिया है और कुल 20227.50 लाख (2 अरब 2 करोड़ से अधिक) रुपये की राशि स्वीकृत की है।
किस पंप पर कितनी छूट? (सब्सिडी का गणित) सरकार केंद्र और राज्य के अंश को मिलाकर किसानों को भारी छूट दे रही है। योजना के तहत छोटे से लेकर बड़े किसानों तक का ध्यान रखा गया है:
-
2 एचपी (सर्फेस/सबमर्सिबल): इस पर लगभग 98,593 रुपये से लेकर 1 लाख रुपये तक का अनुदान मिल रहा है।
-
3 एचपी (सबमर्सिबल): इस श्रेणी में सरकार 1.33 लाख रुपये तक की सब्सिडी दे रही है (जिसमें राज्य का अंश ₹77,618 और केंद्र का ₹54,696 शामिल है)।
-
5 एचपी (एसी सबमर्सिबल): इस पर किसानों को 1,88,038 रुपये की भारी छूट मिलेगी।
-
7.5 और 10 एचपी: बड़े पंपों पर अधिकतम 2,54,983 रुपये का अनुदान दिया जा रहा है।
सावधान: बोरिंग नहीं हुई तो डूब जाएगा पैसा कृषि विभाग ने आवेदन के साथ ही एक सख्त चेतावनी भी जारी की है। जिन किसानों के पास निर्धारित माप की बोरिंग उपलब्ध नहीं होगी, उनका आवेदन सत्यापन के समय निरस्त कर दिया जाएगा और उनकी 5000 रुपये की टोकन मनी जब्त कर ली जाएगी।
-
बोरिंग के मानक:
-
2 एचपी के लिए: 4 इंच
-
3 व 5 एचपी के लिए: 6 इंच
-
7.5 व 10 एचपी के लिए: 8 इंच
-
आवेदन कैसे करें? इच्छुक और पंजीकृत किसानों को कृषि विभाग की वेबसाइट www.agriculture.up.gov.in पर जाना होगा। वहां ‘अनुदान हेतु सोलर पंप की बुकिंग करें’ लिंक पर क्लिक कर 5000 रुपये टोकन मनी जमा करनी होगी। बुकिंग कन्फर्म होने पर मोबाइल पर एसएमएस आएगा, जिसके बाद शेष राशि (सब्सिडी काटकर) जमा करनी होगी। लाभार्थियों का चयन पूरी पारदर्शिता के साथ ई-लॉटरी के जरिए किया जाएगा।
