गोरखपुर में आज नितिन नवीन और CM योगी की पदयात्रा
लखनऊ/गोरखपुर। उत्तर प्रदेश में 4 नवंबर को राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियां तेज हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज गोरखपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल होंगे। वहीं दीपावली, छठ पूजा और देव दीपावली को देखते हुए प्रदेश सरकार ने अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं।
गोरखपुर में भाजपा की पदयात्रा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर पहुंच रहे हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उनके साथ पदयात्रा में शामिल होंगे।
पदयात्रा महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज से शुरू होकर सरदार पटेल की प्रतिमा के पास स्थित काली मंदिर तक पहुंचेगी। इससे पहले एमपी इंटर कॉलेज में जनसभा आयोजित की जाएगी। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के शामिल होने की संभावना है।
2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर भी नजर
नितिन नवीन अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इन बैठकों में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन को मजबूत करने पर चर्चा होगी।
वह समाज के प्रबुद्ध वर्ग के साथ संवाद भी करेंगे। इसके अलावा भाजपा की कोर कमेटी की बैठक में भी शामिल होंगे। गुरुवार को वह गोरखनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे।
दिवाली और छठ पर पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द
दूसरी ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी त्योहारों को देखते हुए कानून-व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। दीपोत्सव, दीपावली, छठ पूजा और देव दीपावली के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए शासन से लेकर थानों तक के अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त कर दी गई हैं।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के माहौल को बिगाड़ने की कोशिश करने वाले शरारती तत्वों से सख्ती से निपटा जाएगा।
गोरखपुर में रूट डायवर्जन लागू
पदयात्रा और जनसभा को देखते हुए गोरखपुर में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। शहर के कई इलाकों में सुबह 7 बजे से रूट डायवर्जन लागू किया गया है। भीड़ और जाम की आशंका को देखते हुए लोगों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
किसानों और महिलाओं के लिए विशेष पैकेज की तैयारी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के किसानों और महिलाओं के लिए भी विशेष पैकेज लाने की घोषणा की है। प्राकृतिक कारणों से फसलों को नुकसान झेलने वाले किसानों के लिए राहत पैकेज तैयार किया जा रहा है। सरकार के मुताबिक इससे करीब तीन करोड़ किसान परिवारों को लाभ मिल सकता है।
इसके अलावा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए भी विशेष योजना लाने की तैयारी है।
