हम मुख्यमंत्री तब बनते हैं, जब चुनाव नहीं लड़ते: अखिलेश यादव

0
akhilesh yadav 11426

वाराणसी। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने चुनाव लड़ने को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि वह आगामी विधानसभा चुनाव खुद नहीं लड़ेंगे। अखिलेश ने संकेत दिया कि वह लोकसभा सांसद रहते हुए ही मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने का रास्ता अपनाएंगे।

मंगलवार को वाराणसी दौरे के दौरान पत्रकारों ने उनसे सवाल किया कि क्या वह 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ेंगे और किस सीट से मैदान में उतरेंगे? इस पर अखिलेश यादव ने अपने अंदाज में जवाब देते हुए कहा, “हम मुख्यमंत्री तब बनते हैं, जब चुनाव नहीं लड़ते हैं। इसलिए वही करेंगे जो हमारे लिए शुभ होगा।”

2012 का उदाहरण देकर समझाई रणनीति

अखिलेश यादव ने अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2012 में भी वह विधानसभा चुनाव नहीं लड़े थे। उस समय वह कन्नौज से लोकसभा सांसद थे। समाजवादी पार्टी को विधानसभा चुनाव में बहुमत मिलने के बाद वह मुख्यमंत्री बने थे।

उन्होंने कहा कि इस बार भी वह उसी रास्ते पर चलने का इरादा रखते हैं और लोकसभा से सीधे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

2022 में करहल से लड़ा था चुनाव

अखिलेश यादव ने 2022 के विधानसभा चुनाव में मैनपुरी की करहल सीट से चुनाव लड़ा था और जीत दर्ज की थी। इसके बाद उन्होंने लोकसभा की सदस्यता छोड़कर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी संभाली थी।

हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनाव में वह कन्नौज से सांसद चुने गए। अब 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उनके ताजा बयान से साफ है कि फिलहाल वह लोकसभा सदस्य रहते हुए ही प्रदेश की राजनीति का नेतृत्व करने की रणनीति पर आगे बढ़ना चाहते हैं।

मुख्यमंत्री पद को लेकर दिया संकेत

अखिलेश यादव के बयान से यह भी संकेत मिलता है कि वह विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार बनने के बजाय पार्टी के प्रचार और नेतृत्व पर ध्यान दे सकते हैं। हालांकि, मुख्यमंत्री पद को लेकर अंतिम फैसला चुनाव परिणाम और पार्टी के विधायकों के निर्णय के बाद ही होगा।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा में कुल 403 सीटें हैं और वर्ष 2027 में यहां चुनाव होने हैं। समाजवादी पार्टी की ओर से चुनावी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। अखिलेश के इस ऐलान के बाद अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि पार्टी चुनाव में किस तरह की रणनीति अपनाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *