‘न कर्फ्यू है, न दंगा है- यूपी में अब सब चंगा है’, हरिद्वार में गरजे CM योगी
हरिद्वार/लखनऊ | उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हरिद्वार में एक कार्यक्रम के दौरान यूपी की बदलती तस्वीर और कानून-व्यवस्था पर विपक्ष को घेरा। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय था जब उत्तर प्रदेश दंगों और अराजकता के लिए जाना जाता था, लेकिन आज वही प्रदेश देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनकर उभर रहा है।
विरासत का सम्मान और सुरक्षा का वादा
स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि जी महाराज की प्रतिमा स्थापना समारोह में बोलते हुए सीएम योगी ने कहा, “एक समय था जब यूपी में विरासत का अपमान होता था और राम भक्तों पर गोलियां चलती थीं। प्रदेश अराजकता और दंगों का अड्डा बन गया था। लेकिन हमारी सरकार में विरासत का सम्मान हुआ, बेटियां और व्यापारी सुरक्षित हुए।”
एमबीए से बेहतर है आश्रम की शिक्षा
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि उन्हें प्रशासन चलाने और प्रबंधन (Management) का वास्तविक ज्ञान किसी एमबीए की शिक्षा से नहीं, बल्कि आश्रम व्यवस्था से मिला है। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज उत्तर प्रदेश में न अराजकता है, न फसाद और न ही गुंडागर्दी। उन्होंने अपने खास अंदाज में कहा— “यूपी में न कर्फ्यू है, न दंगा है, अब यहाँ सब चंगा है।”
राष्ट्रीय चेतना के केंद्र बने तीर्थ स्थल
माघ मेले का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने बताया कि अब तक 21 करोड़ से अधिक श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या, काशी, मथुरा-वृंदावन और केदारनाथ-बदरीनाथ धाम अब केवल आस्था के ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय चेतना के केंद्र बन गए हैं।
संतों ने बताया ‘यूपी का शेर’
इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद विभिन्न अखाड़ों के संतों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कार्यशैली की जमकर सराहना की। संतों ने उन्हें ‘उत्तर प्रदेश का शेर’ बताते हुए कहा कि उनके सत्ता संभालने के बाद से प्रदेश में ‘रामराज्य’ जैसा माहौल दिखाई देता है। जूना पीठाधीश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि ने भी पीएम मोदी और सीएम योगी के नेतृत्व में भारत के बढ़ते गौरव की प्रशंसा की।
