यूपी चुनाव 2027: सीट बंटवारे को लेकर सपा-कांग्रेस की पहली बैठक सम्पन्न

0
UP Elections
लखनऊ/नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में गठबंधन के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर रही समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर पहले चरण की अहम बैठक सोमवार को दिल्ली में सम्पन्न हुई। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर हुई इस बैठक में 181 सीटों की सूची में से पहले चरण की 60 सीटों पर गहन मंथन किया गया। दोनों दलों के नेताओं ने बातचीत को बेहद सकारात्मक बताते हुए तीन से चार दिनों के भीतर फॉर्मूला तय कर लेने का दावा किया है।
2-3 दिनों में अंतिम रूप दिया जाएगा: रामगोपाल यादव
बैठक के बाद समाजवादी पार्टी के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने कहा कि बातचीत बहुत ही सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुई है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे की बात को गंभीरता से सुना। उन्होंने स्पष्ट किया कि गठबंधन और सीट बंटवारे की प्रक्रिया को अगले 2 से 3 दिनों में अंतिम रूप देकर सार्वजनिक कर दिया जाएगा। दोनों दलों के बीच दूसरे दौर की बैठक मंगलवार (कल) को होगी।
दोनों पक्षों में आपसी विश्वास, कल फिर होगी बैठक: आराधना मिश्रा
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने बैठक को सकारात्मक बताते हुए कहा कि दोनों दलों के शीर्ष नेतृत्व के बीच पहले से ही लगातार संवाद चल रहा है। आज दोनों पक्षों ने सर्वसम्मति और आपसी विश्वास के साथ अपनी-अपनी बातें रखीं। सीटों की संख्या (नंबरों) के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसके लिए कल तक का इंतजार करें। मंगलवार को एक बार फिर बैठक होगी और अगले तीन-चार दिनों में सारी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
गठबंधन की बैठक पर भाजपा क्यों परेशान: प्रमोद तिवारी
बैठक की मेजबानी कर रहे कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे की चर्चा आपसी सम्मान और स्नेह की भावना के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि जब यह हमारे गठबंधन का आपसी मामला है, तो भारतीय जनता पार्टी इसे लेकर इतनी परेशान क्यों हो रही है?
दोनों दलों की सीट शेयरिंग कमेटियों के सदस्य सीटों के बंटवारे पर मंथन के लिए दोनों पार्टियों ने अपनी-अपनी समितियों का गठन किया है:
  • समाजवादी पार्टी (4 सदस्यीय समिति): मुखिया प्रो. रामगोपाल यादव, सपा के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, सांसद राजीव राय और सांसद इकरा हसन (इकरा चौधरी)।

  • कांग्रेस की समिति: संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’, कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद और उत्तर प्रदेश विधायक दल के नेता वीरेंद्र चौधरी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *