झारखंड में 1 सीट पर CM, तो मुंबई में हमारा मेयर क्यों नहीं: नवाब मलिक

bmc election

मुंबई: महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में पिछले साल मिली प्रचंड जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अब मुंबई महानगर पालिका (BMC) पर भगवा फहराने का लक्ष्य रखा है। यह चुनाव सीधे तौर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की प्रतिष्ठा का प्रश्न बना हुआ है। लेकिन, इस सियासी गर्माहट के बीच अजित पवार की अगुवाई वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दिग्गज नेता नवाब मलिक ने महापौर पद के लिए ताल ठोंक कर मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है।

साढ़े तीन साल बाद मीडिया से मुखातिब हुए नवाब मलिक ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि मुंबई में अगला मेयर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का ही बनेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि 16 जनवरी को मुंबई में एनसीपी की असली ताकत दुनिया देखेगी।

झारखंड का दिया उदाहरण, बताया कैसे बनेगा मेयर

मुंबई बीएमसी के लिए अजित पवार द्वारा प्रभारी बनाए गए नवाब मलिक का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब बीजेपी और शिवसेना (उद्धव व राज ठाकरे गुट) ‘हिंदू मराठी’ मेयर के मुद्दे पर जोर दे रहे हैं। मुंबई भाजपा नेता अमीत साटम लगातार कह रहे हैं कि मुंबई में किसी ‘खान’ को मेयर नहीं बनने देंगे।

इस ध्रुवीकरण की राजनीति के बीच मलिक ने झारखंड के सियासी समीकरण का उदाहरण देकर बीजेपी की टेंशन बढ़ा दी है। मलिक ने कहा, “अगर झारखंड में केवल एक सीट वाला नेता मुख्यमंत्री बन सकता है, तो मुंबई में 30 सीटों के साथ राष्ट्रवादी कांग्रेस का महापौर क्यों नहीं बन सकता?”

‘तोड़ देंगे पुराना भ्रम’

नवाब मलिक ने कहा कि 2002 से यह धारणा बनाई गई थी कि संयुक्त राष्ट्रवादी कांग्रेस मुंबई में 14-15 सीटों से आगे नहीं बढ़ सकती। लेकिन इस बार यह भ्रम टूट जाएगा और तस्वीर बिल्कुल अलग होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि गहन मंथन के बाद उतारे गए उनके 94 उम्मीदवार पार्टी की ताकत दिखाएंगे।

अजित पवार का जताया आभार

साढ़े तीन साल बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस करने पहुंचे मलिक ने कहा कि कुछ लोग उनके नाम पर शोर मचा रहे थे और गठबंधन न करने की धमकी दे रहे थे। लेकिन, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजित पवार मजबूती से उनके साथ खड़े रहे। मलिक ने कहा कि अजित पवार ने गठबंधन की परवाह न करते हुए पार्टी को ‘स्वबल’ (अपने दम पर) चुनाव लड़ने का फैसला किया, जिसके लिए वे उनके आभारी हैं।

गौरतलब है कि मुंबई में 15 जनवरी को मतदान होना है। एनसीपी ने 94 वार्डों में अपने उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि धारावी और रमाबाई आंबेडकर नगर में समर्थित उम्मीदवार खड़े किए हैं।