Gmail यूजर्स के लिए बड़ी खबर: अब बदल सकेंगे अपना ‘@gmail.com’ ईमेल एड्रेस
नई दिल्ली: गूगल अपने करोड़ों Gmail यूजर्स को एक बड़ी सौगात देने जा रहा है। अब तक जिन यूजर्स के ईमेल एड्रेस के अंत में @gmail.com लगा होता था, वे अपना यूजरनेम नहीं बदल पाते थे। लेकिन अब गूगल इस बड़ी पाबंदी को खत्म करने जा रहा है। जल्द ही सभी व्यक्तिगत Gmail यूजर्स अपना ईमेल एड्रेस बदल सकेंगे।
प्रोफेशनल पहचान बनाना होगा आसान
अक्सर लोग बचपन में या सालों पहले जल्दबाजी में कोई भी रैंडम यूजरनेम (जैसे: premtripathi54@gmail.com) चुन लेते थे। बाद में प्रोफेशनल लाइफ में ऐसे ईमेल एड्रेस इस्तेमाल करना थोड़ा असहज लगता है। गूगल की इस नई सुविधा से यूजर्स अपने पुराने और ‘अनप्रोफेशनल’ दिखने वाले ईमेल को बदलकर एक नया और बेहतर नाम चुन पाएंगे।
कैसे काम करेगा यह नया फीचर?
गूगल के सपोर्ट पेज के अनुसार, ईमेल एड्रेस बदलने की यह प्रक्रिया काफी सुरक्षित और सुविधाजनक होगी:
-
पुराना ईमेल बनेगा ‘एलियास’ (Alias): एड्रेस बदलने के बाद आपका पुराना ईमेल एड्रेस पूरी तरह खत्म नहीं होगा, बल्कि वह एक ‘एलियास’ बन जाएगा। यानी अगर कोई आपके पुराने एड्रेस पर मेल भेजता है, तो वह भी आपके नए इनबॉक्स में ही आएगा।
-
एक साथ 4 नाम: बताया जा रहा है कि एक यूजर को अपने एक अकाउंट के लिए 4 अलग-अलग नाम वाले ईमेल आईडी रखने की सुविधा मिल सकती है।
-
डेटा रहेगा सुरक्षित: ईमेल बदलने पर आपके पुराने ईमेल, कॉन्टैक्ट्स या ड्राइव में सेव डेटा पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
-
साइन-इन में आसानी: नई आईडी का इस्तेमाल करके आप गूगल की अन्य सेवाओं जैसे Maps, YouTube और Google Play पर भी साइन-इन कर सकेंगे।
12 महीने की कैपिंग और डोमेन की शर्त
यहाँ ध्यान देने वाली बात यह है कि आप सिर्फ अपना ‘यूजरनेम’ बदल सकते हैं, पीछे लगा @gmail.com वैसा ही रहेगा। साथ ही, गूगल ने सुरक्षा के लिहाज से 12 महीनों की कैपिंग रखी है। यानी अगर आप अपना ईमेल एड्रेस बदलते हैं, तो उसे अगले 12 महीनों तक हटाया नहीं जा सकेगा। हालांकि, यूजर्स के पास अपने पुराने एड्रेस को फिर से इस्तेमाल करने का विकल्प हमेशा रहेगा।
कब मिलेगी यह सुविधा?
गूगल के अनुसार, यह फीचर धीरे-धीरे रोलआउट किया जा रहा है। मुमकिन है कि अभी यह आपके अकाउंट पर न दिख रहा हो, लेकिन जल्द ही यह सभी भारतीय और वैश्विक यूजर्स के लिए उपलब्ध होगा।
