UNSC में भारत का पाकिस्तान पर हमला: अफगानिस्तान में हवाई हमले की कड़ी निंदा
नई दिल्ली। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) की बैठक में भारत ने अफगानिस्तान में पाकिस्तान द्वारा किए गए हवाई हमले की कड़ी आलोचना की। न्यूयॉर्क में हुई बैठक के दौरान संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि हरीश पर्वतनेनी ने कहा कि पाकिस्तान की कार्रवाई न सिर्फ क्षेत्रीय शांति के लिए खतरा है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र चार्टर का भी खुला उल्लंघन है। भारत ने अफगानिस्तान में संयुक्त राष्ट्र सहायता मिशन (UNAMA) द्वारा उठाई गई चिंताओं का समर्थन करते हुए महिलाओं, बच्चों और खिलाड़ियों की हत्या की कड़ी निंदा की।
“पाकिस्तान व्यापार और पारगमन आतंकवाद कर रहा है” — भारत
भारतीय प्रतिनिधि ने कहा कि अफगानिस्तान वर्तमान में जिन कठिन परिस्थितियों से जूझ रहा है, उसमें पाकिस्तान का रवैया और अधिक अस्थिरता पैदा कर रहा है।पर्वतनेनी ने कहा “हमें इस बात की गहरी चिंता है कि व्यापार और पारगमन के नाम पर आतंकवाद का अभ्यास किया जा रहा है। इसका शिकार अफगानिस्तान की जनता हो रही है।” उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की इस तरह की कार्रवाइयां WTO नियमों, UN चार्टर, और स्थापित अंतरराष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन हैं।
भारत ने दोहराया कि वह अफगानिस्तान की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और स्वतंत्रता का दृढ़ता से समर्थन करता है।
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच बढ़ता तनाव
पर्वतनेनी की टिप्पणी ऐसे समय आई है जब पिछले कुछ वर्षों में पाकिस्तान और अफगानिस्तान की सीमा पर संघर्ष तेज हुआ है। 2021 में तालिबान के सत्ता में आने के बाद
पाकिस्तान ने कई बार आरोप लगाया कि आतंकी हमलों के लिए अफगानिस्तान जिम्मेदार है। वहीं अफगानिस्तान ने इन आरोपों को खारिज कर कहा है कि वह पाकिस्तान की आंतरिक सुरक्षा के लिए जिम्मेदार नहीं है। इन बढ़ते तनावों के बीच पाकिस्तान के हालिया हवाई हमलों ने स्थिति को और खराब कर दिया है।
अफगानिस्तान में शांति और स्थिरता भारत की प्राथमिकता
UNSC की बैठक में भारत ने दोहराया कि वह लंबे समय से अफगानिस्तान में शांति, स्थिरता और विकास का मजबूत समर्थक रहा है। हरीश पर्वतनेनी ने कहा “अफगानिस्तान से जुड़े मुद्दों पर क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय समन्वय बेहद आवश्यक है।” “देश में स्थिरता बढ़ाने के लिए संबंधित पक्षों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।” भारत ने कहा कि वह अफगानिस्तान की सुरक्षा स्थिति पर करीबी नजर बनाए हुए है।
