Indigo: यात्रियों को मिलेगा 10,000 रुपये तक मुआवजा
नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने गुरुवार को कहा कि पिछले एक सप्ताह से जारी अव्यवस्था के बाद अब उसका संचालन पूरी तरह सामान्य हो गया है। हाल में हजारों उड़ानों के रद्द होने से एयरपोर्ट्स पर हाहाकार मच गया था। यात्री घंटों फंसे रहे और स्थिति संसद से लेकर कोर्ट तक पहुंच गई। यात्रियों ने एयरलाइन पर कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। अब इंडिगो ने प्रभावित यात्रियों के लिए मुआवजा घोषित किया है।
जिन्हें सबसे अधिक परेशानी हुई, उन्हें मिलेगा 10,000 रुपये का ट्रैवल वाउचर
इंडिगो ने कहा है कि अत्यधिक प्रभावित यात्रियों को 10,000 रुपये तक के ट्रैवल वाउचर दिए जाएंगे। ये वाउचर अगले 12 महीनों तक किसी भी इंडिगो फ्लाइट के लिए उपयोग किए जा सकेंगे। सरकार के नियमों के अनुसार मुआवजा फ्लाइट के कुल ब्लॉक टाइम पर निर्भर करता है।
24 घंटे पहले फ्लाइट कैंसिल? मिलेगा 5,000 से 10,000 रुपये तक मुआवजा
जिन यात्रियों की उड़ानें प्रस्थान से 24 घंटे पहले ही रद्द हो गई थीं, वे भी 5,000 से 10,000 रुपये तक के मुआवजे के पात्र हैं। इंडिगो ने बताया कि रद्द हुई उड़ानों के रिफंड की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अधिकांश यात्रियों के पैसे वापस कर दिए गए हैं। शेष यात्रियों को भी जल्द रिफंड मिल जाएगा।
कंपनी ने खेद जताया
इंडिगो ने बयान में कहा “3, 4 और 5 दिसंबर को कई यात्री एयरपोर्ट पर घंटों फंसे रहे। भीड़भाड़ और अव्यवस्था के कारण उन्हें भारी परेशानी हुई, जिसका हमें खेद है।” फ्लाइट कैंसिलेशन की शुरुआत 2 दिसंबर से हुई थी और करीब 10 दिनों तक स्थिति गंभीर बनी रही। बुधवार को भी कंपनी ने 220 फ्लाइट्स रद्द की थीं।
ऑन-टाइम परफॉर्मेंस सामान्य स्तर पर लौटी
कंपनी के अनुसार पिछले तीन दिनों से फ्लाइट शेड्यूल सामान्य है। मौसम या आवश्यक परिचालन कारणों से ही कुछ उड़ानें रद्द हुई हैं। ऑन-टाइम परफॉर्मेंस अब वापस इंडस्ट्री के टॉप स्टैंडर्ड पर है। इंडिगो ने कहा “हम 1,900 से अधिक दैनिक उड़ानें संचालित कर रहे हैं, जो हमारे 138 गंतव्यों को सुचारू रूप से जोड़ती हैं। हमारे ऑपरेशंस पहले से अधिक मजबूत हो रहे हैं और सेवा गुणवत्ता में लगातार सुधार किया जा रहा है।”
