दिल्ली में ‘भारत टैक्सी’ सेवा शुरू, दिसंबर से पूरे देश में शुरू होने की उम्मीद

bharat taxi

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में मंगलवार से ‘भारत टैक्सी’ की पायलट प्रोजेक्ट सेवा की शुरुआत हो गई है। इसी के साथ गुजरात में भी ड्राइवरों का पंजीकरण तेजी से जारी है। इस नई सहकारी टैक्सी सेवा में कार, ऑटो और बाइक तीनों ही प्रकार की सुविधाएं शामिल की गई हैं। अब तक 51 हजार से अधिक ड्राइवर इस ऐप पर रजिस्टर हो चुके हैं।

लोकसभा में सहकारिता मंत्री अमित शाह ने ‘भारत टैक्सी’ ऐप की लॉन्चिंग की जानकारी देते हुए कहा कि इसका उद्देश्य कैब व टैक्सी ड्राइवरों को निजी कंपनियों की निर्भरता और भारी कमीशन प्रणाली से मुक्त कराना है। यह सेवा दिसंबर से पूरे देश में शुरू होने की उम्मीद है। इसे सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड संचालित करेगा।

इन संस्थाओं ने मिलकर तैयार किया प्लेटफॉर्म

भारत टैक्सी ऐप के प्रवर्तक देश की प्रमुख सहकारी संस्थाएं हैं—

  • अमूल (GCMMF)

  • IFFCO

  • KRIBHCO

  • NAFED

  • NDDB

  • NCEL

  • NCDC

  • NABARD

यह देश का पहला सहकारी डिजिटल राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म होगा, जिसका उद्देश्य ड्राइवरों और यात्रियों दोनों को सुरक्षित, पारदर्शी और किफायती सेवाएं उपलब्ध कराना है।

ऐप की मुख्य विशेषताएं

  • ड्राइवरों की पूरी कमाई बिना किसी कटौती के उनके खाते में जाएगी

  • पारदर्शी किराया

  • यूज़र-फ्रेंडली मोबाइल बुकिंग

  • लाइव व्हीकल ट्रैकिंग

  • सत्यापित ड्राइवर ऑनबोर्डिंग

  • बहुभाषी इंटरफेस

  • 24×7 ग्राहक सेवा

अन्य सेवाओं के साथ इंटीग्रेशन

भारत टैक्सी ऐप को दिल्ली मेट्रो सहित अन्य परिवहन सेवाओं से जोड़ा गया है, जिससे यात्रियों को एकीकृत बुकिंग सुविधा उपलब्ध हो सके। साथ ही दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर सुरक्षा मानकों को और मजबूत किया गया है।

सहारा जमाकर्ताओं को 6,842 करोड़ की वापसी

लोकसभा में अमित शाह ने यह भी बताया कि सहारा समूह की सहकारी समितियों के जमाकर्ताओं को अब तक 6,841.86 करोड़ रुपये वापस किए जा चुके हैं। यह राशि 35.44 लाख जमाकर्ताओं को लौटाई गई है।