अहमदाबाद: इसनपुर झील की जमीन से 925 आवासीय निर्माण हटाने की कार्रवाई शुरू
अहमदाबाद। राष्ट्रमंडल और ओलंपिक खेलों की दावेदारी पेश कर चुके गुजरात में बृहद पैमाने पर अतिक्रमण विरोधी अभियान फिर तेज हो गया है। अहमदाबाद नगर निगम (AMC) ने इसनपुर क्षेत्र में तीसरी सबसे बड़ी झील की जमीन पर बसे अवैध निर्माणों को हटाने के लिए सोमवार से बड़ा बुलडोज़र एक्शन शुरू किया।
इससे पहले इसी वर्ष चंडोला झील के पास ‘मिनी बांग्लादेश’ नाम से चर्चित अवैध बस्ती को हटाया गया था। अब इसनपुर झील के आसपास फैले अतिक्रमण को हटाया जा रहा है। पहली कार्रवाई में 167 व्यावसायिक ढाँचों को ध्वस्त किया गया था, जबकि इस चरण में 925 आवासीय संरचनाओं को गिराया जा रहा है।
नोटिस के बाद शुरू हुआ अभियान
#WATCH | अहमदाबाद, गुजरात: अहमदाबाद नगर निगम के उप नगर आयुक्त रिद्धेश रावल ने बताया, "आज हमने अतिक्रमण की कार्रवाई शुरू की है। इसके लिए पहले ही नोटिस दिया गया था और निकासी के लिए पूरा समय दिया गया था। इस कार्रवाई में अहमदाबाद नगर निगम के चार जोन की टीम संलग्न हैं। पुलिस विभाग और… https://t.co/abTszPCkxM pic.twitter.com/BxZS3J2nR8
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 24, 2025
AMC ने मानसून से पहले इन निर्माणों को नोटिस जारी किए थे, लेकिन दिवाली उत्सव के कारण कार्रवाई टल गई थी। 20 नवंबर को तय समय से पहले स्थानीय नागरिकों ने 4 दिन की मोहलत मांगी थी, जो अब समाप्त हो चुकी है।
अभियान में 4 बड़ी हिटाची मशीनें, 4 जेसीबी, 500 पुलिसकर्मी, 500 नगर निगम कर्मचारी तैनात किए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोका जा सके।
हाई कोर्ट ने भी राहत देने से किया इनकार
अतिक्रमणकारियों में से 10 लोगों ने नोटिस के खिलाफ गुजरात हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था, लेकिन अदालत ने साफ कहा कि वॉटर बॉडी पर किसी भी प्रकार का निर्माण मान्य नहीं है। इसलिए उन्हें कोई राहत नहीं दी गई।
ओलंपिक और कॉमनवेल्थ गेम्स की दावेदारी के चलते तेज हुई कार्रवाई
अहमदाबाद नगर निगम का कहना है कि शहर ने अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी की दावेदारी की है। ऐसे में बड़े पैमाने पर इंफ्रास्ट्रक्चर अपग्रेड किया जा रहा है। झीलों और जलाशयों पर कब्जा हटाना इस परियोजना का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उप नगर आयुक्त रिद्धेश रावल ने बताया कि AMC के चार जोन की संयुक्त टीम इस अभियान में शामिल है और कार्रवाई चरणबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी।
