घर की जिम्मेदारियों से थकी महिलाएं होटल में तलाश रहीं सुकून
नई दिल्ली। घर और ऑफिस की दोहरी जिम्मेदारी निभाने वाली महिलाओं के सामने एक बड़ी चुनौती है—अपने लिए समय निकालना। नौकरी, बच्चों की देखभाल और घरेलू कामों के बीच कई महिलाओं को आराम करने तक का मौका नहीं मिल पाता। इसी परेशानी से बचने के लिए चीन में कामकाजी महिलाओं के बीच एक अनोखा ट्रेंड तेजी से चर्चा में है। महिलाएं छुट्टियां मनाने नहीं, बल्कि कुछ घंटे अकेले सुकून से बिताने के लिए होटल के कमरे बुक कर रही हैं।
इस ट्रेंड को ‘सोलो होटल स्टे’ कहा जा रहा है। इसमें महिलाएं कुछ घंटों के लिए होटल में कमरा लेकर अपनी मर्जी से समय बिताती हैं। कोई चैन की नींद सोती है, तो कोई टीवी देखती है, किताबें पढ़ती है या अपनी पसंद का खाना खाती है।
चार घंटे की आजादी के लिए खर्च किए 100 युआन से ज्यादा
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट (SCMP) की रिपोर्ट के मुताबिक, चीन की एक 34 वर्षीय महिला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडनोट पर अपना अनुभव साझा किया। महिला अपने पति, सास-ससुर और छोटी बेटी के साथ रहती है। उसका कहना था कि घर में उसे अपने लिए बिल्कुल समय नहीं मिल पाता था।
एक दिन उसने ऑफिस से लौटते समय होटल का कमरा बुक किया और परिवार को बताया कि उसे ओवरटाइम काम करना है। होटल पहुंचकर उसने करीब चार घंटे अकेले बिताए। इस दौरान उसने आराम से स्नान किया, खाना खाया, किताब पढ़ी और टीवी देखा।
महिला ने बताया कि चार घंटे की इस आजादी के लिए उसने 100 युआन से कुछ अधिक खर्च किए। उसके मुताबिक, यह पैसा पूरी तरह वसूल हो गया। उसे ऐसा महसूस हुआ जैसे वह खुद के साथ डेट पर आई हो। सोशल मीडिया पर उसकी पोस्ट को करीब 20 हजार लाइक्स मिले।
कोई रॉक म्यूजिक सुनती है तो कोई पसंदीदा खाना खाती है
चीन के अलग-अलग शहरों में महिलाएं इस तरह अपने लिए निजी समय निकाल रही हैं। चांगशा शहर की एक महिला हर गुरुवार अपने ऑफिस के पास होटल में कमरा बुक करती है। वहां वह तेज आवाज में रॉक म्यूजिक सुनती है और अपनी पसंद की लुओसिफेन नूडल डिश खाती है, जिसे उसके परिवार के लोग पसंद नहीं करते।
वहीं, हांगझोऊ की एक महिला को बिजनेस ट्रिप का इंतजार रहता है। उसके लिए यात्रा का सबसे खास हिस्सा काम नहीं, बल्कि बिना किसी घरेलू जिम्मेदारी के अकेले समय बिताना है। वह अपनी मर्जी से घूमती है और होटल में टीवी शो देखकर आराम करती है।
कामकाजी मांओं पर घरेलू जिम्मेदारियों का बोझ
इस ट्रेंड के पीछे महिलाओं पर घर और बच्चों की देखभाल की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी एक बड़ी वजह मानी जा रही है। कई महिलाएं ऑफिस में काम करने के बाद घर लौटते ही दूसरी शिफ्ट शुरू कर देती हैं। इसमें खाना बनाना, सफाई करना और बच्चों की देखभाल शामिल है।
रिपोर्ट में 2025 के एक अध्ययन का हवाला दिया गया है। चीन के जॉब प्लेटफॉर्म झाओपिन के रिसर्च इंस्टीट्यूट के मुताबिक, वहां एक तिहाई से ज्यादा कामकाजी मांएं रोजाना दो घंटे से अधिक समय घरेलू कामों में बिताती हैं। यह समय कामकाजी पुरुषों की तुलना में काफी ज्यादा है।
‘मां और पत्नी होने से पहले इंसान हैं महिलाएं’
कई महिलाओं का कहना है कि परिवार के दूसरे सदस्य बच्चों की देखभाल में मदद करते हैं, लेकिन जरूरत पड़ने पर बच्चे सबसे पहले मां को ही आवाज लगाते हैं। ऐसे में महिलाओं के लिए घर में कुछ समय अकेले बिताना भी मुश्किल हो जाता है।
सोशल मीडिया पर इस ट्रेंड को लेकर लोग महिलाओं का समर्थन कर रहे हैं। यूजर्स का कहना है कि महिलाओं को भी अपनी पसंद से जीने, आराम करने और खुद के लिए समय निकालने का पूरा अधिकार है।
एक यूजर की टिप्पणी के मुताबिक, महिलाएं मां, पत्नी या कर्मचारी होने से पहले इंसान हैं। उन्हें भी निजी जिंदगी और मानसिक सुकून की जरूरत होती है।
चीन में सामने आया यह ट्रेंड केवल होटल में कमरा बुक करने की कहानी नहीं है, बल्कि कामकाजी महिलाओं की थकान, निजी समय की कमी और घरेलू जिम्मेदारियों के असमान बंटवारे की ओर भी ध्यान आकर्षित करता है।
