ईरान के पलटवार से दहले खाड़ी देश, वैश्विक गैस आपूर्ति ठप होने का खतरा

0
Energy Crisis

दुबई/नई दिल्ली: मिडिल ईस्ट में तनाव अब एक ऐसे मोड़ पर पहुँच गया है जिसे विशेषज्ञ ‘कयामत की आहट’ करार दे रहे हैं। इजरायल द्वारा ईरान के साउथ पार्स गैस फील्ड पर किए गए हमले के जवाब में ईरान ने भीषण पलटवार शुरू कर दिया है। ईरान की बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोनों ने सऊदी अरब, कतर, यूएई और कुवैत के प्रमुख ऊर्जा ठिकानों को निशाना बनाया है, जिससे पूरी दुनिया में ऊर्जा संकट (Energy Crisis) का काला साया मंडराने लगा है।

कतर को सबसे बड़ा झटका, सप्लाई बहाल होने में लगेंगे 5 साल

ईरानी मिसाइलों ने कतर के रास लाफान औद्योगिक परिसर को निशाना बनाया है, जो दुनिया का सबसे बड़ा एलएनजी (LNG) निर्यात केंद्र है। कतरएनर्जी के सीईओ साद अल-काबी ने चेतावनी दी है कि रिफाइनरी को हुए नुकसान की भरपाई करने में 5 साल तक का समय लग सकता है। कतर वैश्विक एलएनजी बाजार का लगभग 20% हिस्सा कवर करता है, जिसमें से 80% सप्लाई भारत जैसे एशियाई देशों को होती है।

सऊदी, कुवैत और यूएई की रिफाइनरियों में आग

ईरान ने इस जवाबी कार्रवाई को ‘पूर्ण आर्थिक युद्ध’ घोषित किया है।

  • सऊदी अरब: यनबू स्थित सैमरेफ रिफाइनरी पर ड्रोन हमला हुआ है।

  • कुवैत: मीना अल-अहमदी और मीना अब्दुल्ला रिफाइनरियों को ड्रोन से निशाना बनाया गया, जिससे वहाँ भीषण आग लग गई और उत्पादन यूनिट्स को बंद करना पड़ा।

  • यूएई: दुनिया के सबसे बड़े गैस प्रोसेसिंग प्लांट हबशन कॉम्प्लेक्स पर भी हमले की खबर है, जिसके चलते उत्पादन ठप है।

दुनिया भर में हाहाकार: 30% तक बढ़ी कीमतें

इन हमलों का असर वैश्विक बाजारों पर तुरंत देखने को मिला है। यूरोपीय गैस की कीमतों में 30% का भारी उछाल आया है। बाजार विशेषज्ञों का अनुमान है कि कच्चा तेल (Brent Crude) जल्द ही 120 डॉलर प्रति बैरल के पार जा सकता है। होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में बढ़ते तनाव ने समुद्री व्यापारिक मार्गों को भी असुरक्षित बना दिया है।

ट्रंप की ईरान को सीधी चेतावनी

इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कड़ा रुख अपनाते हुए ईरान को चेतावनी दी है। ट्रंप ने कहा कि यदि कतर के गैस ठिकानों पर और हमले हुए, तो अमेरिका ईरान के साउथ पार्स गैस फील्ड को पूरी तरह से ‘नक्शे से मिटा’ देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *