‘अटल कैंटीन’: अब मात्र 5 रुपये में मिलेगा भरपेट पौष्टिक भोजन
नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में श्रमिकों, गरीबों और जरूरतमंदों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर गुरुवार (25 दिसंबर) को दिल्ली में महत्वाकांक्षी ‘अटल कैंटीन’ योजना की शुरुआत की गई है। इस योजना के तहत अब लोगों को मात्र 5 रुपये में भरपेट और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।
100 कैंटीनों का जाल, रोजाना 1 लाख लोग होंगे लाभान्वित केंद्र और दिल्ली सरकार के सहयोग से शुरू की गई इस योजना का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि राजधानी में कोई भी व्यक्ति भूखा न सोए। योजना के तहत पूरी दिल्ली में 100 अटल कैंटीन खोली जा रही हैं।
-
क्षमता: हर कैंटीन में रोजाना करीब 1,000 लोगों को खाना खिलाने की क्षमता होगी। इस तरह पूरी दिल्ली में प्रतिदिन एक लाख से अधिक लोग इस योजना का लाभ उठा सकेंगे।
-
समय: इन कैंटीनों में दिन में दो बार भोजन मिलेगा।
-
लंच (दोपहर का भोजन): सुबह 11:30 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक।
-
डिनर (रात का भोजन): शाम 6:30 बजे से रात 9:00 बजे तक।
-
क्या होगा 5 रुपये की थाली में? महज 5 रुपये की मामूली कीमत पर मिलने वाली इस थाली में पोषण का पूरा ध्यान रखा गया है। मेन्यू में दाल, चावल, रोटी, एक मौसमी सब्जी और अचार शामिल होगा।
सरकार वहन करेगी 25 रुपये की सब्सिडी योजना के संचालन के लिए सरकार ने 104.24 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, एक थाली की वास्तविक लागत करीब 30 रुपये आती है। इसमें से लाभार्थी को केवल 5 रुपये देने होंगे, जबकि शेष 25 रुपये प्रति थाली का खर्च दिल्ली सरकार वहन करेगी।
हाईटेक होगी व्यवस्था: डिजिटल टोकन और CCTV निगरानी भोजन वितरण में पारदर्शिता लाने के लिए मैनुअल कूपन की जगह डिजिटल टोकन सिस्टम लागू किया गया है। इसके अलावा, दिल्ली अर्बन शेल्टर इम्प्रूवमेंट बोर्ड (DUSIB) के डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से सभी कैंटीनों में CCTV कैमरों से रियल टाइम निगरानी रखी जाएगी, ताकि गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित हो सके।
लाजपत नगर से हुई शुरुआत केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल खट्टर और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लाजपत नगर के नेहरू नगर में पहली अटल कैंटीन का उद्घाटन किया। इस मौके पर सीएम रेखा गुप्ता ने मंत्रियों के साथ वहीं भोजन भी किया और अधिकारियों को स्वच्छता के उच्चतम मानक बनाए रखने के निर्देश दिए।
केंद्रीय मंत्री खट्टर ने इसे अटल जी के सुशासन और मानवीय संवेदनाओं से प्रेरित ऐतिहासिक पहल बताया। वहीं, सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि यह योजना मेहनती नागरिकों के लिए सम्मान और आत्मनिर्भरता का जीवन सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इन इलाकों में शुरू हुईं कैंटीनें पहले दिन आरके पुरम, जंगपुरा, शालीमार बाग, ग्रेटर कैलाश, राजौरी गार्डन, नरेला और बवाना समेत 45 स्थानों पर कैंटीनों का वर्चुअल उद्घाटन किया गया। शेष 55 कैंटीनें अगले 15 से 20 दिनों में शुरू हो जाएंगी।
