H-1B और H-4 आवेदकों को सोशल मीडिया अकाउंट करने होंगे पब्लिक
वॉशिंगटन। डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने एक बार फिर भारतीय पेशेवरों और उनके परिवारों की चिंता बढ़ा दी है। अमेरिका ने नए वीजा नियम लागू करने की घोषणा की है, जिसके तहत H-1B और H-4 वीजा आवेदकों को अपने सोशल मीडिया अकाउंट सार्वजनिक करने होंगे। यह नियम 15 दिसंबर से लागू होने जा रहा है। इसकी तैयारी में कई कॉन्सुलेट्स पहले से ही वीजा अपॉइंटमेंट रद्द कर रहे हैं, जिससे हज़ारों भारतीयों की नौकरी, पढ़ाई, निजी यात्रा और पारिवारिक योजनाएं प्रभावित हो गई हैं।
नए नियम के तहत सोशल मीडिया अकाउंट अनिवार्य रूप से सार्वजनिक
अमेरिकी विदेश विभाग के निर्देशों के अनुसार H-1B पर काम करने वाले और नए आवेदन करने वाले सभी व्यक्तियों तथा H-4 वीजा पर आने वाले उनके परिवार के सदस्यों को X, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन सहित अपने सोशल मीडिया अकाउंट पब्लिक करने होंगे। यह नियम वीजा रिन्यूअल और नए आवेदन — दोनों पर लागू होगा। अमेरिका में सबसे अधिक हाई-स्किल्ड वीजा भारतीयों को मिलते हैं। ऐसे में इस नीति का सीधा असर भारत के नागरिकों पर पड़ रहा है।
भारतीय सबसे अधिक प्रभावित
अमेरिका में 70% से अधिक H-1B वीजा भारतीयों को दिए जाते हैं। H-4 वीजा पर काम करने वाले लोगों (EAD धारक) में करीब 90% भारतीय हैं। इनमें से कई लोग अमेरिका में स्थायी नौकरियों, बच्चों की शिक्षा और गृह निवेश सहित दीर्घकालिक योजनाओं के साथ रहते हैं। इसलिए नए नियम ने उनकी कानूनी स्थिति को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
एक्सपर्ट बताते हैं कि कंसुलर अधिकारी अब आवेदकों की सोशल मीडिया पोस्ट भी जांच सकेंगे राजनीतिक विचार, मीम शेयरिंग, प्रोफेशनल जानकारी में असंगति, ऑनलाइन व्यवहार जैसी बातों के आधार पर भी वीजा रोकने की संभावना बढ़ सकती है।
कंपनियों में भी बढ़ी परेशानी
अमेरिका की प्रमुख टेक कंपनियां, जहां बड़ी संख्या में भारतीय काम करते हैं, नए नियम से चिंतित हैं। वे कर्मचारियों को सलाह दे रही हैं सोशल मीडिया प्रोफाइल को साफ रखें। राजनीतिक पोस्ट और मीम्स से दूरी बनाएं। वीजा आवेदन में निजी ईमेल की बजाय प्रोफेशनल ईमेल का उपयोग करें। कंपनियों का मानना है कि सोशल मीडिया की मामूली गतिविधि भी अब वीजा पर असर डाल सकती है।
अमेरिका का दावा—राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए जरूरी कदम
अमेरिकी विदेश विभाग का कहना है कि यह नियम पहले से चल रही ऑनलाइन बैकग्राउंड चेक प्रक्रिया को ही विस्तार देता है। छात्रों और एक्सचेंज विजिटर्स के लिए यह व्यवस्था पहले से लागू है। वीजा मंजूरी में राष्ट्रीय सुरक्षा को सर्वोपरि रखा जाता है। इसलिए सोशल मीडिया प्रोफाइल देखने की आवश्यकता बताई गई है।
