काशी से खजुराहो तक वंदे भारत: पीएम मोदी देंगे चार नई ट्रेनों की सौगात
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो दिवसीय काशी दौरे पर शुक्रवार शाम वाराणसी पहुंचेंगे। इस दौरान वे देशवासियों को चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की सौगात देंगे। इनमें वाराणसी-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस काशीवासियों और पूर्वांचल के लिए एक विशेष उपहार मानी जा रही है।
पीएम मोदी 8 नवंबर को बनारस (पूर्व में मंडुवाडीह) रेलवे स्टेशन से इन ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री यहां शहर के प्रबुद्धजनों और विशिष्ट व्यक्तियों से संवाद भी करेंगे।
चार वंदे भारत एक्सप्रेस की सौगात
प्रधानमंत्री मोदी जिन चार वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का शुभारंभ करेंगे, उनमें शामिल हैं –
-
वाराणसी–खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस
-
लखनऊ–सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस
-
फिरोजपुर–दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस
-
एर्नाकुलम–बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस
इनमें से वाराणसी–खजुराहो वंदे भारत को प्रधानमंत्री बनारस स्टेशन से सीधे रवाना करेंगे, जबकि बाकी तीन ट्रेनों को वर्चुअली हरी झंडी दिखाएंगे।
पर्यटन उद्योग को नई रफ्तार
वाराणसी-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत से यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है। यह ट्रेन मौजूदा विशेष ट्रेनों की तुलना में करीब 2 घंटे 40 मिनट का समय बचाएगी।
यह रूट भारत के धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों – वाराणसी, प्रयागराज, चित्रकूट और खजुराहो – को सीधे जोड़ेगा। इस कनेक्टिविटी से न केवल श्रद्धालुओं और पर्यटकों को लाभ होगा, बल्कि क्षेत्र का धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन भी नई ऊंचाई पर पहुंचेगा।
खजुराहो, जो यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल है, तक यात्रियों को अब तेज़, आधुनिक और आरामदायक यात्रा अनुभव मिलेगा।
प्रधानमंत्री का होगा भव्य स्वागत
पीएम मोदी के स्वागत की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। भाजपा कार्यकर्ता संत अतुलानंद बाईपास, जेपी मेहता मार्ग, बरेका एफसीआई गोदाम और बरेका गेट के पास प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे।
इसके अलावा प्रधानमंत्री बरेका स्थित कार्यक्रम में करीब 3200 प्रबुद्धजनों से संवाद करेंगे, जिनमें शिक्षाविद, उद्योगपति, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ शामिल होंगे।
