आजमगढ़। देश आजादी की 75वीं वर्षगांठ का उत्सव आजादी का अमृत महोत्सव के रूप में मना रहा है। 75वें स्वतंत्रता दिवस को और अधिक यादगार बनाने के लिए केन्द्र सरकार ने देशवासियों से हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने की अपील की है। देश की आन-बान और शान है तिरंगा, हर भारतवासी की पहचान है तिरंगा। आइए 13 से 15 अगस्त तक चलने वाले राष्ट्रव्यापी हर घर तिरंगा अभियान से जुड़कर राष्ट्रीय तिरंगे को गौरवमयी ऊर्जा के साथ फहराएं।

इसी उद्देश्य के साथ आज सूचना और प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के केन्द्रीय संचार ब्यूरो, आजमगढ़ द्वारा जनपद आजमगढ़ के सठियांव ब्लाॅक के बैठोली में स्थित कंपोजिट विद्यालय से “हम सबने यह ठाना है, हर घर तिरंगा फहराना है” नारा लगाते हुए एक तिरंगा यात्रा निकाली गयी।

इस दौरान क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी तारिक अजीज ने बताया कि इस अभियान के तहत प्रधानमंत्री ने सभी देशवासियों से 13 से 15 अगस्त तक अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने की अपील की है।

उन्होंने बताया कि तिरंगे को किसी सीधी छड़ी में लगाकर अपनी घर की बालकनी, दरवाजे, या खिड़की पर फहराया जा सकता है। ध्वज को सम्मानपूर्ण तरीके से ऐसी जगह लगाया जाय, जहां से वह स्पष्ट रूप से दिखाई दे ।

विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती सुधा सिंह ने बताया कि अब नियमानुसार तिरंगा दिन और रात दोनों समय फहराये जाने की अनुमति रहेगी। साथ ही अब पॉलिएस्टर और मशीन से बने राष्ट्रीय ध्वज का भी उपयोग किया जा सकता है। केसरिया ऊपर, फिर सफेद, और सबसे नीचे हो हरा। इसी सही क्रम में लहराएं तिरंगा।

इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रचार सहायक रामखेलावन, जयप्रकाश, समाज सेवी ज्ञानेंद्र चतुर्वेदी,सहायक शिक्षक श्रीमती शशिकला शुक्ला, अर्चना, रूबी सिंह, गार्गी सिंह, आलोक कुमार, नीतू राय, मंजरी यादव सहित मनबासी, समुनरा देवी, संतरा जी, सुनीता यादव, सुगंधा सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

%d bloggers like this: