जयपुर, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ‘हर बूथ-भाजपा मजबूत’ के नारे के साथ राज्य में अपने बूथ महासम्पर्क अभियान की शुरुआत शुक्रवार को की। तीन दिन के इस अभियान के तहत पार्टी के नेता व कार्यकर्ता घर..घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं। वहीं पार्टी ने आरोप लगाया है कि ‘‘इतने दिन तक आफलाइन रही कांग्रेस अब आनलाइन होने की कोशिश कर रही है।’’

राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे इस अभियान के तहत झालावाड़ में, केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने बीकानेर में और राज्य के गृह मंत्री गुलाबचन्द कटारिया ने उदयपुर में जनसम्पर्क किया। पार्टी का कहना है कि राज्यभर में उसके कार्यकर्ताओं ने 51 हजार से अधिक बूथों पर जाकर केन्द्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

जयपुर में पार्टी के प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रकाश जावड़ेकर ने इसकी शुरुआत की। उन्होंने हवामहल विधानसभा क्षेत्र में केन्द्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया और विकास की रफ्तार को बरकरार रखने के लिए फिर से भाजपा की सरकार बनाने का आह्वान किया।

प्रदेश संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर व सांसद रामचरण बोहरा ने भी अनेक बूथ क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं से संपर्क किया। पार्टी का यह कार्यक्रम तीन दिन चलेगा।

वहीं पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डा. सतीश पूनिया ने संवाददाताओं से कहा कि कांग्रेस पार्टी इतने दिन आफलाइन थी, अब वह आनलाइन होने की कोशिश कर रही है।

कांग्रेस द्वारा अपने घोषणापत्र के लिए आनलाइन सुझाव मांगे जाने की पहल पर पूनिया ने कहा, ‘‘कांग्रेस पार्टी भाजपा की नकल करने का प्रयास करती है किन्तु नकल में भी अक्ल की जरूरत होती है।’’

About The Author

Leave a Reply

%d bloggers like this: