15 दिन के मासूम को मां ने बेचकर खरीदा फ्रिज, टीवी, कूलर

0

मध्य प्रदेश के इंदौर में मां की ममता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहां एक मां ने अपने 15 दिन के नवजात बच्चे को बेच दिया। मां ने बच्चे को बेचकर मिले पैसों से फ्रिज, टीवी और वॉशिंग मशीन जैसी चीजें खरीद लीं। आरोपी मां ने अपने पति की सहमति से यह सौदा किया था। मामले में पुलिस ने कुल आठ आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है, इनमें से 6 को पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, इंदौर के हीरा नगर इलाके में रहने वाली महिला शायना बी ने पुलिस को बताया कि उसके पति को बच्चे को लेकर शक था। महिला ने कहा, ‘मेरा पति अबॉर्शन कराना चाहता था, लेकिन समय ज्यादा हो गया था तो हमने दलालों के माध्यम से बच्चे को बेचने का प्लान बनाया और बच्चे को देवास के एक दंपती को बेच दिया।’ पुलिस ने बताया कि बच्चे को लीना नाम की एक महिला ने खरीदा था। लीना ने बताया कि हाल ही में उसके दो बच्चों की मौत हो गई थी। जिसके बाद उसने साढ़े पांच लाख में बच्चा खरीद लिया।

8 में से 6 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि बच्चा बेचने के बाद मिले पैसों से महिला ने टीवी, फ्रिज, कूलर और वॉशिंग मशीन जैसे सामान खरीद लिए थे, जिन्हें जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने कहा, ‘मामले की जानकारी सामाजिक कार्यकर्ताओं के माध्यम से मिली थी। मामले में आरोपी मां शायरा बी समेत आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इनमें एक नाबालिग भी है। आरोपियों में से छह को गिरफ्तार कर लिया गया है और दो फिलहाल फरार हैं।’ पुलिस ने दावा किया कि जल्द ही फरार आरोपियों को भी पकड़ लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *