5 रुपये में भरपेट भोजन! ‘श्रमिक अन्नपूर्णा योजना’ ने जीता मजदूरों का दिल
अहमदाबाद। महंगाई के इस दौर में दिहाड़ी और निर्माण क्षेत्र के मजदूरों के लिए गुजरात सरकार की श्रमिक अन्नपूर्णा योजना किसी वरदान से कम साबित नहीं हो रही है। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत राज्य के श्रमिकों को महज 5 रुपये में पौष्टिक और भरपेट भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। वर्तमान में गुजरात के सभी 34 जिलों में 394 भोजन केंद्र संचालित हो रहे हैं, जिनके माध्यम से प्रतिदिन करीब 45 हजार श्रमिकों को ताजा खाना मिल रहा है।
थाली में क्या-क्या मिलता है और कब खुलते हैं केंद्र?
भोजन केंद्र के संचालक गौतमभाई बाघेला के अनुसार, यह योजना खासतौर पर उन मेहनतकश लोगों के लिए तैयार की गई है जिन्हें सुबह काम पर जाने की जल्दी में खाना बनाने का समय नहीं मिल पाता।
-
भोजन का समय: इन केंद्रों पर सुबह 7 बजे से 11 बजे तक गरमागरम भोजन उपलब्ध कराया जाता है।
-
पौष्टिक मेनू: मात्र 5 रुपये की थाली में श्रमिकों को दाल, चावल, रोटी, सब्जी, अचार और गुड़ दिया जाता है।
-
किन श्रमिकों को सीधा लाभ: राजमिस्त्री, प्लंबर, बिजली फिटिंग और पेंटिंग जैसे कार्यों से जुड़े मजदूरों को अब सुबह उठकर खाना बनाने की मशक्कत नहीं करनी पड़ती और न ही होटल का महंगा खाना खाना पड़ता है।
टिफिन पैकिंग और निर्माण स्थलों पर होम डिलीवरी की सुविधा
योजना के तहत श्रमिक अपनी सुविधा के अनुसार भोजन केंद्रों से अपना टिफिन भी पैक करवा सकते हैं। इसके अतिरिक्त, यदि किसी कंस्ट्रक्शन साइट (निर्माण स्थल) पर 50 से अधिक मजदूर काम कर रहे हैं, तो सरकार की ओर से वहां सीधे खाने की डोर-स्टेप (होम) डिलीवरी की सुविधा भी दी जाती है। आंकड़ों के मुताबिक, अब तक विभिन्न निर्माण स्थलों पर काम करने वाले करीब 27 लाख श्रमिकों को भोजन पहुंचाया जा चुका है।
मजदूरों ने बताया—बच रहे हैं पैसे और समय
योजना का लाभ उठा रहे श्रमिकों में इसे लेकर खासा उत्साह है। नियमित रूप से टिफिन लेने वाले लाभार्थी शंकरभाई चौहान ने बताया कि भोजन की गुणवत्ता और स्वाद बेहद अच्छा है तथा थाली में रोटी, चावल, दाल और गुड़ सभी चीजें पर्याप्त मात्रा में मिलती हैं। वहीं, एक अन्य लाभार्थी दीपकभाई का कहना है कि इस योजना से मजदूरों के पैसे और समय दोनों की बड़ी बचत हो रही है, और अलग-अलग सब्जियों के मेल से खाना भी स्वादिष्ट बनता है।
अगले 6 महीने में खुलेंगे 300 नए केंद्र, 1 लाख श्रमिकों तक पहुंचेगा लाभ
हाल ही में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने राज्य के 28 जिलों में 101 नए भोजन केंद्रों का ऑनलाइन उद्घाटन किया था, जिससे कुल केंद्रों की संख्या बढ़कर 394 हो गई है। श्रम, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग के सचिव लोचन सेहरा ने जानकारी दी कि सरकार इस योजना का दायरा और तेजी से बढ़ाने जा रही है। अगले 6 महीनों में 300 नए भोजन केंद्र शुरू किए जाएंगे, जिसके बाद कुल केंद्रों की संख्या बढ़कर करीब 700 हो जाएगी और रोजाना लगभग 1 लाख श्रमिकों को कार्यस्थल पर ही एक वक्त का गुणवत्तापूर्ण भोजन मिल सकेगा।
