राम-सीता की नगरी को जोड़ने वाली ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’ आज से शुरू

0
Gemini_Generated_Image_3uhth53uhth53uht
अयोध्या। प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या को माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर (नेपाल) से जोड़ने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस का उद्घाटन आज (सोमवार) होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह नई दिल्ली से इस नई साप्ताहिक ट्रेन को वर्चुअल हरी झंडी दिखाएंगे। इस ऐतिहासिक अवसर पर अयोध्याधाम जंक्शन पर सुबह 11 बजे से भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव भी शामिल होंगे।
604 किलोमीटर की दूरी, 18 घंटे का सफर
अयोध्या से जनकपुर के बीच की कुल दूरी 604 किलोमीटर है, जिसे यह ट्रेन लगभग 18 घंटे में पूरा करेगी। खास बात यह है कि इस अंतरराष्ट्रीय ट्रेन सेवा में केवल भारत और नेपाल के नागरिकों को ही यात्रा करने की अनुमति होगी।
सरयू-कमला एक्सप्रेस का टाइमटेबल और प्रमुख स्टॉपेज
  • अयोध्या कैंट से रवानगी: सोमवार शाम 5:50 बजे।

  • जनकपुर से वापसी: शनिवार दोपहर 1:10 बजे।

  • प्रमुख ठहराव (स्टॉपेज): यह ट्रेन अयोध्या कैंट से चलकर मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शिहसो, मधुबनी और जयनगर होते हुए जनकपुर पहुंचेगी।

अयोध्याधाम में आज लागू रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन
उद्घाटन कार्यक्रम के मद्देनजर सुरक्षा और यातायात नियंत्रण के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अयोध्याधाम क्षेत्र में सोमवार सुबह 9 बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक यातायात डायवर्जन लागू रहेगा:
  • विद्याकुंड चौराहा: यहां से कनीगंज व रायगंज की ओर सभी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। वाहन आसिफबाग चौराहा से होकर जा सकेंगे।

  • कनीगंज तिराहा: यहां से अयोध्याधाम रेलवे स्टेशन की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। स्टेशन जाने वाले वाहन विद्याकुंड चौराहा से लंगड़वीर-टेढ़ी बाजार फ्लाईओवर के नीचे (सर्विस लेन) से होकर जाएंगे।

  • जैन मंदिर तिराहा: यहां से कनीगंज और रायगंज की ओर जाने वाले वाहनों को रामघाट चौराहा की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।

  • इकबाल अंसारी आवास तिराहा और श्रीराम अस्पताल तिराहा: इन मार्गों से अवध आगमन मार्ग व रेलवे स्टेशन की ओर प्रवेश बंद रहेगा। स्टेशन जाने वाले यात्री टेढ़ी बाजार फ्लाईओवर के नीचे सर्विस लेन का उपयोग कर सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *