बिसलेरी के पानी का सैंपल फेल: FSSAI ने 5 खाद्य कंपनियों पर मुकदमा चलाने की दी मंजूरी
नई दिल्ली। भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने असुरक्षित और घटिया उत्पाद बेचने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। नियामक ने बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड सहित कुल पांच खाद्य कंपनियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई (मुकदमा चलाने) की मंजूरी दे दी है। इसके अलावा, खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़े गंभीर नियमों का उल्लंघन करने के कारण दो अन्य कंपनियों के लाइसेंस भी निलंबित कर दिए गए हैं।
बिसलेरी के पानी में तय सीमा से अधिक मिला ब्रोमेट
FSSAI की जांच में बिसलेरी के पैक्ड ड्रिंकिंग वॉटर के एक सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित मानकों से अधिक पाई गई, जिसके बाद खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के तहत इसे असुरक्षित घोषित कर दिया गया। कंपनी की अपील पर जब इस सैंपल को रेफरल फूड लेबोरेटरी भेजा गया, तो वहां भी इसमें ‘पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन’ (PAHs) पाए जाने के बाद इसे असुरक्षित करार दिया गया।
इन चार अन्य कंपनियों पर भी होगा मुकदमा
-
वसंत मसाला प्राइवेट लिमिटेड: इनके मिर्च पाउडर के सैंपल में डिफेनोकोनाजोल की मात्रा तय सीमा से अधिक पाई गई।
-
टिट-बिट फूड्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड: इनके मिर्च पाउडर में कीटनाशक के अवशेष और हल्दी पाउडर में ‘टिन’ की मात्रा मानक से ज्यादा मिली।
-
मीमांसा इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड: जांच में इनके अखरोट की गिरी घटिया और असुरक्षित पाई गई।
-
आशा कन्फेक्शनरी: इनकी चॉकलेट-भरी कुकीज़ ‘मिसब्रांडेड’, घटिया और असुरक्षित पाई गईं। पैकेट पर बताई गई चीनी की मात्रा और असल मात्रा में अंतर मिला।
दो कंपनियों के लाइसेंस निलंबित खराब स्वच्छता और रीपैकिंग (सामान को दोबारा पैक करने) से जुड़ी गंभीर खामियों के चलते FSSAI ने ‘उर्मी लाइफसाइंसेज LLP’ और ‘गौर आयुर्वेदिक स्टोर’ के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं।
एनर्जी ड्रिंक लेबल को लेकर भी सख्ती
खाद्य नियामक ने हाल के महीनों में पेय पदार्थ बनाने वाली कंपनियों पर भी शिकंजा कसा है। जून में FSSAI ने कुछ पेय पदार्थों पर ‘एनर्जी ड्रिंक’ लेबल के इस्तेमाल पर आपत्ति जताई थी, क्योंकि इनमें अत्यधिक चीनी होती है और ऐसे लेबल उपभोक्ताओं को गुमराह कर सकते हैं। रेड बुल, पेप्सिको, मॉन्स्टर बेवरेज और रिलायंस कंज्यूमर ने इस आदेश को दिल्ली हाई कोर्ट में चुनौती दी थी। अदालत ने रेड बुल को स्टे देकर लेबल इस्तेमाल जारी रखने की अनुमति दी है, जबकि अन्य कंपनियों को मौजूदा स्टॉक खत्म होने के बाद यह लेबल हटाने को कहा गया है। FSSAI ने रेड बुल को मिली राहत को चुनौती दी है, जिस पर जनवरी में सुनवाई होनी है।
