मोनालिसा को फिल्म में लेना मेरी सबसे बड़ी गलती: सनोज मिश्रा
प्रयागराज/केरल: प्रयागराज महाकुंभ के दौरान रुद्राक्ष बेचते हुए रातों-रात सोशल मीडिया स्टार बनी 18 वर्षीय मोनालिसा भोंसले एक बार फिर विवादों और चर्चाओं के केंद्र में हैं। मोनालिसा ने अपने प्रेमी और अभिनेता फरमान खान के साथ केरल के एक मंदिर में शादी कर ली है, जिसके बाद उनकी फिल्म ‘डायरी ऑफ मणिपुर’ के निर्देशक सनोज मिश्रा ने उन्हें फिल्म से बाहर करने का एलान कर दिया है।
डायरेक्टर का बड़ा आरोप: ‘फंसाया गया है मोनालिसा को’
फिल्म निर्देशक सनोज मिश्रा ने एक वीडियो जारी कर अपना दुख और नाराजगी जाहिर की है। सनोज ने कहा, “मोनालिसा को फिल्म में लेना मेरी सबसे बड़ी गलती थी। वह एक भोली लड़की थी जिसे साजिश के तहत फंसाया गया है। महाकुंभ से निकली लड़की जो सनातन धर्म के नाम पर पहचानी जा रही थी, उसे निशाना बनाया गया है।” सनोज ने यह भी दावा किया कि इस मामले पर बोलने के कारण उन्हें सिर काटने की धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी फिल्म ‘धर्मांतरण’ जैसे संवेदनशील विषय पर आधारित है, इसलिए कुछ लोग इसे रोकने की कोशिश कर रहे हैं।
मोनालिसा और फरमान का पक्ष: ‘यह लव जिहाद नहीं’
दूसरी ओर, केरल के नयनार मंदिर में हिंदू रीति-रिवाजों से शादी करने के बाद मोनालिसा और फरमान खान ने मीडिया के सामने आकर अपनी स्थिति स्पष्ट की। मोनालिसा ने कहा: “हमने अपनी मर्जी से शादी की है। यह लव जिहाद का मामला नहीं है क्योंकि मैंने अपना धर्म नहीं बदला है। मेरे पिता मेरी शादी मेरी बुआ के लड़के से कराना चाहते थे, जिससे बचने के लिए मैंने यह कदम उठाया।”
फरमान खान, जो उत्तर प्रदेश के बागपत के रहने वाले हैं और फिल्मों में सक्रिय हैं, उन्होंने भी कहा कि प्यार में धर्म परिवर्तन जरूरी नहीं है और वे दोनों एक-दूसरे के धर्म का सम्मान करते हैं।
सुरक्षा की मांग
मोनालिसा ने तिरुवनंतपुरम के थंपानूर पुलिस स्टेशन पहुंचकर सुरक्षा की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि उनके परिवार वाले इस शादी से खुश नहीं हैं और उन्हें जबरन वापस ले जाने की कोशिश कर रहे हैं।
बता दें कि इंदौर की रहने वाली मोनालिसा पिछले साल प्रयागराज कुंभ मेले में रुद्राक्ष की माला बेचते हुए वायरल हुई थीं, जिसके बाद उन्हें बॉलीवुड फिल्मों के ऑफर मिलने लगे थे।
