आंध्र प्रदेश में टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस में भीषण आग, एक की मौत

0
Tatanagar Ernakulam Express

यलमंचिली स्टेशन पर धू-धू कर जले कोच, लोको पायलट की सूझबूझ से सुरक्षित निकाले गए 158 यात्री; सामान जलकर राख

विजयवाड़ा/अनाकापल्ली। आंध्र प्रदेश के अनाकापल्ली जिले में सोमवार तड़के एक बड़ा ट्रेन हादसा हो गया। जमशेदपुर (टाटानगर) से केरल जा रही एर्नाकुलम एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 18189) में यलमंचिली रेलवे स्टेशन के पास भीषण आग लग गई। इस हृदय विदारक घटना में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की जिंदा जलकर मौत हो गई। आग इतनी भयानक थी कि ट्रेन के एम1 और बी2 कोच पूरी तरह जलकर खाक हो गए।

लोको पायलट ने देखी लपटें, स्टेशन पर रोकी ट्रेन

हादसा उस समय हुआ जब ट्रेन अपनी रफ्तार में थी। लोको पायलट ने अचानक कोच से आग की लपटें उठती देखीं और तुरंत आपातकालीन ब्रेक लगाकर ट्रेन को यलमंचिली स्टेशन पर रोक दिया। आग सबसे पहले बी1 कोच में लगी थी, जिसके बाद रेलवे कर्मचारियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए बाकी कोचों को ट्रेन से अलग कर दिया ताकि आग अन्य हिस्सों में न फैले।

चीख-पुकार और दहशत का माहौल

तड़के हुए इस हादसे के वक्त ज्यादातर यात्री गहरी नींद में थे। जैसे ही आग की खबर फैली, यात्रियों में भगदड़ मच गई। स्टेशन पर ट्रेन रुकते ही यात्री अपनी जान बचाने के लिए बदहवास होकर नीचे कूदे। यात्रियों ने बताया कि उन्हें सामान निकालने का मौका तक नहीं मिला और उनका सारा कीमती सामान आग में जलकर राख हो गया।

158 यात्रियों का सुरक्षित रेस्क्यू

घटना की सूचना मिलते ही चार दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। एसपी तुहिन सिन्हा के अनुसार, दो प्रभावित कोचों से कुल 158 यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया, जिनमें एक कोच के 82 और दूसरे के 76 यात्री शामिल थे। गृह मंत्री वी. अनीता ने घटना का जायजा लेते हुए अधिकारियों को पीड़ितों की हर संभव मदद और मामले की उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दिए हैं।

रेलवे द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर

हादसे के मद्देनजर रेलवे ने प्रभावित यात्रियों के परिजनों की जानकारी के लिए विभिन्न स्टेशनों पर हेल्पलाइन नंबर स्थापित किए हैं:

स्टेशन हेल्पलाइन नंबर
यलमंचिली 7815909386
अनाकापल्ले 7569305669
तुनी 7815909479
समलकोट 7382629990
राजमुंद्री 0883-2420541 / 43
एलुरु 7569305268
विजयवाड़ा 0866-2575167

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *