सोने ने तोड़े अब तक के सारे रिकॉर्ड, भाव 1.35 लाख के पार
नई दिल्ली/मुंबई: सोने की कीमतों में लगी आग थमने का नाम नहीं ले रही है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने ने इतिहास रच दिया है। 5 फरवरी 2026 की एक्सपायरी वाला 24 कैरेट सोना 1.19% की जोरदार तेजी के साथ 1,35,496 रुपये प्रति 10 ग्राम के ‘ऑल टाइम हाई’ (All Time High) पर पहुंच गया।
एक महीने में 10 हजार की छलांग: इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के आंकड़ों ने निवेशकों को और भी चौंका दिया है। पिछले एक महीने में (17 नवंबर से अब तक) सोने के भाव में 10,325 रुपये की भारी बढ़त दर्ज की गई है। 17 नवंबर को जो सोना 1.22 लाख रुपये के करीब था, वह अब बढ़कर 1.33 लाख रुपये के पार जा चुका है।
तेजी की वजह: एलकेपी सिक्योरिटीज के रिसर्च एनालिस्ट जतिन त्रिवेदी के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का भाव 4,350 डॉलर तक पहुंचना और ‘सेफ हेवन’ डिमांड का बढ़ना इस तेजी का मुख्य कारण है। बाजार की नजर अब अमेरिका के आर्थिक आंकड़ों पर है, जिससे कीमतों में आगे भी उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। विशेषज्ञ सोने का अगला दायरा 1.33 लाख से 1.36 लाख रुपये के बीच देख रहे हैं।
20 साल में ₹10 हजार बढ़ने में कब-कब लगे कितने दिन?
बीते 20 सालों के डेटा पर नजर डालें तो कई बार सोने को 10 हजार बढ़ने में सालों लग गए, लेकिन इस बार यह उछाल बेहद कम समय में आया है। यही वजह है कि सोने की चाल निवेशकों के लिए सबसे बड़ा सवाल बन गई है।
| रुपए/10 ग्राम | तारीख | कितने दिन लगे |
| 10,000 | 5 मई 2006 | —- |
| 20,000 | 14 अक्टूबर 2010 | 1623 दिन |
| 30,000 | 1 जून 2012 | 596 दिन |
| 40,000 | 3 जनवरी 2020 | 2772 दिन |
| 50,000 | 22 जुलाई 2020 | 201 दिन |
| 60,000 | 20 मार्च 2023 | 971 दिन |
| 70,000 | 5 अप्रैल 2024 | 382 दिन |
| 80,000 | 24 जनवरी 2025 | 294 दिन |
| 90,000 | 31 मार्च 2025 | 66 दिन |
| 1,00,000 | 13 जून 2025 | 74 दिन |
| 1,10,000 | 15 सितंबर 2025 | 94 दिन |
| 1,20,000 | 6 अक्टूबर 2025 | 21 दिन |
| 1,30,000 | 16 अक्टूबर 2025 | 10 दिन |
| 1,35,000 | 12 दिसंबर 2025 | 57 दिन |
