UP में कड़ाके की ठंड और कोहरे का डबल अटैक, अगले 48 घंटे भारी

UP Weather 2025

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में ठंड ने अपना असली रंग दिखाना शुरू कर दिया है। पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के असर से प्रदेश के कई हिस्सों में घने कोहरे की चादर बिछ गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, पहाड़ों पर होने वाली बर्फबारी के बाद मैदानी इलाकों में बर्फीली हवाओं की रफ्तार (4 किमी/घंटा) बढ़ेगी, जिससे अगले 24 से 48 घंटों में ठंड और ज्यादा ठिठुरन पैदा करेगी।

कोहरे का येलो अलर्ट: आज (16 दिसंबर) लखनऊ, कानपुर, आगरा, मेरठ और गोरखपुर समेत पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई जिलों में सुबह के वक्त घना कोहरा छाया रहा। दृश्यता (Visibility) घटकर 30 से 50 मीटर तक रह गई है, जिससे यातायात प्रभावित हुआ है।

इटावा रहा सबसे ठंडा: बीती रात इटावा प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कानपुर में भी पारा गिरकर 7.2 डिग्री पर पहुंच गया, जो सामान्य से 2.5 डिग्री कम है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि हवा की दिशा बदलने और पहाड़ों पर बर्फबारी से शीत लहर का नया दौर जल्द शुरू होगा।