सदी का सबसे लंबा सूर्यग्रहण, 6 मिनट 23 सेकंड तक धरती पर होगा अंधेरा
नई दिल्ली/वॉशिंगटन। खगोल विज्ञान के इतिहास में एक अद्वितीय घटना दर्ज होने जा रही है। 2 अगस्त 2027 को दुनिया 21वीं सदी के सबसे लंबे पूर्ण सूर्यग्रहण का साक्षी बनेगी। NASA के मुताबिक, यह ग्रहण अपनी असाधारण अवधि और दुर्लभ खगोलीय संयोग के कारण आने वाली कई पीढ़ियों के लिए यादगार रहेगा।
6 मिनट 23 सेकंड तक छाया रहेगा अंधेरा
NASA द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 2 अगस्त 2027 को होने वाला पूर्ण सूर्यग्रहण 6 मिनट 23 सेकंड तक चलेगा। आमतौर पर पूर्ण सूर्यग्रहण 2 से 3 मिनट तक ही दिखाई देते हैं, लेकिन यह ग्रहण दोगुने से भी अधिक समय तक सूर्य को पूरी तरह ढककर रखेगा। इस दौरान दिन में रात जैसा अंधेरा छा जाएगा और तापमान में 5 से 10 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
सदी का सबसे महत्वपूर्ण ग्रहण
खगोलविदों का कहना है कि इतनी लंबी अवधि का सूर्यग्रहण पिछली सदी में नहीं देखा गया था और अगली बार ऐसा मौका साल 2114 से पहले नहीं आएगा। यह वैज्ञानिकों के लिए सूर्य के बाहरी वायुमंडल यानी कोरोना का अध्ययन करने का एक दुर्लभ अवसर होगा, जो सामान्य परिस्थितियों में दिखाई नहीं देता।
क्यों होगा इतना लंबा ग्रहण?
यह दुर्लभ घटना दो महत्वपूर्ण खगोलीय स्थितियों के कारण संभव होगी , उस दिन पृथ्वी सूर्य से अपने सबसे दूर बिंदु पर होगी, जिससे सूर्य थोड़ा छोटा दिखाई देगा। दूसरी ओर चंद्रमा अपनी कक्षा में पृथ्वी के सबसे नजदीक होगा, जिससे वह अपेक्षाकृत बड़ा दिखाई देगा और सूर्य को लंबे समय तक ढक सकेगा। इसी अनोखे संयोग के चलते यह ग्रहण इतिहास का सबसे लंबे समय तक चलने वाला पूर्ण सूर्यग्रहण बन रहा है।
वैज्ञानिकों के लिए बड़ा अवसर
ग्रहण के दौरान सूर्य की कोरोना परत साफ दिखाई देने के कारण वैज्ञानिक सूर्य के तापमान, चुंबकीय तरंगों और ऊर्जा उत्सर्जन का विस्तृत अध्ययन कर सकेंगे। यह शोध भविष्य में अंतरिक्ष मौसम और सोलर स्टॉर्म्स को समझने में मदद करेगा।
पीढ़ियों में एक बार मिलने वाला मौका
स्पेस विशेषज्ञों का मानना है कि यह ग्रहण आम लोगों के लिए भी बेहद खास होगा। कई देशों में पहले से ही देखने की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और हजारों की संख्या में खगोल प्रेमियों के यात्रा करने की संभावना जताई जा रही है। 2 अगस्त 2027 का यह दिन इतिहास में एक ऐसे खगोलीय चमत्कार के रूप में दर्ज होगा, जिसे आगामी सदी तक नहीं दोहराया जा सकेगा।
