जनगणना-2027: ‘सेल्फ एन्यूमरेशन’ 30 नवंबर तक घर बैठे भरें फैमिली डिटेल्स
लखनऊ: देश में आगामी जनगणना-2027 (Census 2027) की जमीनी प्रक्रिया तेज हो गई है। इसी कड़ी में, उत्तर प्रदेश के नोएडा में सोमवार (16 नवंबर 2026) से ‘सेल्फ एन्यूमरेशन’ (Self Enumeration) या स्वगणना अभियान का आधिकारिक रूप से आगाज हो गया है। इस सुविधा के तहत अब नागरिक घर बैठे ही ऑनलाइन माध्यम से अपने परिवार का पूरा ब्योरा जनगणना पोर्टल पर दर्ज कर सकेंगे।
इस विशेष अभियान की शुरुआत स्थानीय सांसद डॉ. महेश शर्मा और नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) ने पोर्टल पर स्वयं का डेटा दर्ज करके की।
क्या है ‘सेल्फ एन्यूमरेशन’ और कैसे करें इस्तेमाल? प्रशासन के मुताबिक, सेल्फ एन्यूमरेशन की यह ऑनलाइन सुविधा 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक ही उपलब्ध रहेगी।
-
प्रक्रिया: आम नागरिक भारत सरकार के आधिकारिक जनगणना पोर्टल (https://se.census.gov.in) पर जाकर अपने परिवार की पूरी डिटेल्स भर सकते हैं।
-
SE ID का महत्व: ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी होने के बाद पोर्टल द्वारा एक ‘स्वगणना पहचान संख्या’ (SE ID) जनरेट होगी। नागरिकों को इस आईडी को सुरक्षित रखना होगा। जब जनगणना कर्मी (Enumerator) डेटा सत्यापन के लिए घर आएंगे, तो उन्हें यही आईडी दिखानी होगी।
2,350 एन्यूमेरेटर्स और 364 सुपरवाइजर तैनात नोएडा के चार्ज अधिकारी इंदु प्रकाश सिंह ने जानकारी दी कि शहर में जनगणना के फील्ड वर्क को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए कुल 2,350 एन्यूमेरेटर और 364 सुपरवाइजरों की तैनाती की गई है।
-
ये कर्मी 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक घर-घर जाकर डेटा एकत्र करेंगे।
-
वर्तमान स्वगणना अवधि (30 नवंबर तक) के दौरान भी ये कर्मचारी अपने आवंटित ब्लॉकों में मौजूद रहेंगे और लोगों को सेल्फ एन्यूमरेशन के लिए जागरूक करेंगे।
किरायेदारों की गणना और डेटा सुरक्षा प्रशासन का मुख्य लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि नोएडा में रहने वाला कोई भी व्यक्ति इस गणना से छूटे नहीं और किसी का नाम दोहराया न जाए। जो लोग शहर में किराए पर रहकर नौकरी या व्यापार कर रहे हैं, उनकी गणना भी उनके मौजूदा निवास स्थान (नोएडा) पर ही की जाएगी।
डेटा सुरक्षा और निजता पर देते हुए, चार्ज अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि ‘जनगणना अधिनियम, 1948’ की धारा 15 के तहत नागरिकों द्वारा दी गई सभी व्यक्तिगत जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। प्रशासन ने सभी नागरिकों से 30 नवंबर तक अपनी स्वगणना पूरी करने और सरकारी नुमाइंदों को पूरा सहयोग देने की अपील की है।
