पुतिन के आवास पर ड्रोनों से हमले की कोशिश, मोदी और ट्रंप ने जताई चिंता

0
putin Mosco

नई दिल्ली/मॉस्को: रूस और यूक्रेन के बीच पिछले चार वर्षों से जारी विनाशकारी युद्ध अब एक अत्यंत खतरनाक मोड़ पर आ खड़ा हुआ है। रूस ने दावा किया है कि यूक्रेन ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आधिकारिक आवास को निशाना बनाते हुए एक बड़ा ड्रोन हमला किया है। इस घटना के बाद मास्को से लेकर वाशिंगटन तक हड़कंप मच गया है और वैश्विक स्तर पर तनाव काफी बढ़ गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस घटनाक्रम पर गहरी चिंता व्यक्त की है, जबकि यूक्रेन ने रूस के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।

रूस का दावा: 91 ड्रोनों को हवा में मार गिराया

रूसी विदेश मंत्रालय ने जानकारी दी है कि यूक्रेन की ओर से राष्ट्रपति पुतिन के आवास पर लंबी दूरी के 91 ड्रोनों के जरिए हमला करने का प्रयास किया गया। रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के मुताबिक, यह हमला 28-29 दिसंबर के बीच किया गया। हालांकि, रूस ने दावा किया है कि उनकी रक्षा प्रणालियों ने सभी ड्रोनों को हवा में ही नष्ट कर दिया, जिससे आवास को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमले के दौरान राष्ट्रपति पुतिन अपने आवास में मौजूद थे या नहीं। लावरोव ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि यूक्रेन की यह हरकत चल रही शांति बातचीत पर गहरा नकारात्मक असर डालेगी। इस हमले के बाद आशंका जताई जा रही है कि रूस यूक्रेन पर जोरदार पलटवार कर सकता है।

पीएम मोदी की अपील: शांति की कोशिशें नाकाम न करें

इस गंभीर उकसावे पर भारत ने तत्काल चिंता जताई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दोनों पक्षों से संयम बरतने और कूटनीतिक रास्ते पर लौटने की अपील की है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “रूसी संघ के राष्ट्रपति के आवास पर हुए हमले की खबर से अत्यंत चिंतित हूं। युद्ध खत्म करने और शांति स्थापित करने के लिए कूटनीतिक प्रयास जारी हैं। हम सभी से इन प्रयासों पर ध्यान देने की अपील करते हैं। कृपया ऐसा कोई भी कदम न उठाएं कि शांति की सारी कोशिशें नाकाम हो जाएं।”

ट्रंप ने जताई नाराजगी, जेलेंस्की का इनकार

दोनों देशों के बीच शांति समझौता (Peace Deal) कराने की कोशिशों में जुटे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। पुतिन से फोन पर बात करने के बाद ट्रंप ने कहा, “पुतिन ने मुझे राष्ट्रपति आवास पर हुए हमले की जानकारी दी। वो (यूक्रेन) हमला कर रहे हों, तो उनके हमले का जवाब देना अलग बात है, मगर उनके घर पर हमला करना बिल्कुल अलग चीज है। ऐसे कदम उठाने के लिए यह सही समय नहीं था। मुझे यह सुनकर बहुत गुस्सा आया।”

वहीं, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की, जो ट्रंप से मिलने फ्लोरिडा पहुंचे थे, ने रूस के इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। जेलेंस्की का कहना है कि यूक्रेन ने यह हमला नहीं किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि रूस शांति वार्ता में भाग नहीं लेना चाहता है, इसलिए वह इस तरह के झूठे आरोप गढ़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *