सलमान खान की ‘बैटल ऑफ गलवान’ से बौखलाया चीन
ग्लोबल टाइम्स ने फिल्म के टीजर पर उगला जहर; सलमान खान के ‘अजेय’ किरदारों का उड़ाया मजाक
बीजिंग/नई दिल्ली | बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान की फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ का टीजर रिलीज होते ही चीन की कम्युनिस्ट पार्टी का मुखपत्र ‘ग्लोबल टाइम्स’ भड़क उठा है। यह फिल्म जून 2020 में पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुए खूनी संघर्ष पर आधारित है। फिल्म के टीजर को सलमान खान ने 27 दिसंबर को सोशल मीडिया पर जारी किया था, जिसके बाद से ही चीन में इसे लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।
अप्रैल 2026 में रिलीज होगी फिल्म
‘बैटल ऑफ गलवान’ अगले साल अप्रैल 2026 में सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फिल्म में सलमान खान गलवान संघर्ष के नायक कर्नल बिक्कुमल्ला संतोष बाबू का किरदार निभा रहे हैं, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया था। टीजर में आमने-सामने की लड़ाई और लाठियों से हमले के दृश्यों को प्रमुखता से दिखाया गया है।
ग्लोबल टाइम्स ने सलमान और बॉलीवुड को घेरा
चीनी अखबार ग्लोबल टाइम्स ने अपने लेख में सलमान खान का मजाक उड़ाते हुए लिखा कि चीनी दर्शक उन्हें ‘बजरंगी भाईजान’ के लिए जानते हैं, लेकिन उन्हें अक्सर ऐसे रोल करने के लिए चिढ़ाया जाता है जो ‘अजेय’ और ‘अवास्तविक’ लगते हैं। अखबार ने आगे लिखा:
-
बॉलीवुड की बढ़ा-चढ़ाकर पेश की गई कहानियाँ इतिहास को नहीं बदल सकतीं।
-
फिल्म के विजुअल इफेक्ट्स इतने ज्यादा हैं कि ड्रामा अवास्तविक लगता है।
-
फिल्म के कुछ दृश्यों की तुलना सोशल मीडिया पर ‘गेम ऑफ थ्रोन्स’ जैसे फैंटेसी शो से की जा रही है।
तथ्यों को लेकर चीन का पुराना राग
ग्लोबल टाइम्स ने उन रिपोर्ट्स को पूरी तरह भ्रामक बताया है जिनमें दावा किया गया था कि 200 भारतीय सैनिकों ने 1,200 चीनी सैनिकों का सामना किया था। चीन ने एक बार फिर अपना पुराना रुख दोहराते हुए दावा किया कि गलवान घाटी चीन की तरफ है और भारतीय सैनिकों ने उकसावे वाली कार्रवाई की थी। गौरतलब है कि इस झड़प में भारत के 20 जवान वीरगति को प्राप्त हुए थे, जबकि चीन ने घटना के एक साल बाद केवल 4 सैनिकों के मारे जाने की बात स्वीकार की थी।
फिल्म के मुख्य बिंदु:
-
लीड एक्टर: सलमान खान (कर्नल संतोष बाबू के रूप में)।
-
विषय: 2020 का गलवान सैन्य संघर्ष।
-
रिलीज डेट: अप्रैल 2026।
-
टीजर रिलीज: 27 दिसंबर।
