ललित मोदी ने विजय माल्या के साथ ‘भगोड़ा’ वाले वीडियो पर मांगी माफी
लंदन में माल्या के 70वें जन्मदिन पर उड़ाया था भारत का मजाक; MEA बोला- ‘भगोड़ों को वापस लाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध’
नई दिल्ली। लंदन में विजय माल्या के 70वें जन्मदिन की पार्टी के दौरान भारत सरकार का मजाक उड़ाने वाले भगोड़े ललित मोदी के तेवर अब बदल गए हैं। सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक विवादित वीडियो पर भारत के विदेश मंत्रालय (MEA) की कड़ी प्रतिक्रिया के बाद ललित मोदी ने सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली है।
‘X’ पर मांगी माफी, कहा- इरादा ठेस पहुँचाना नहीं था
ललित मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी सफाई देते हुए कहा कि उनकी बात को गलत समझा गया। उन्होंने लिखा, ‘अगर मैंने किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है, खासकर भारतीय सरकार की, जिनका मैं बहुत सम्मान करता हूं, तो मैं माफी मांगता हूं। मेरा ऐसा कोई इरादा नहीं था।’
क्या था पूरा विवाद?
दरअसल, ललित मोदी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें वह विजय माल्या को जन्मदिन की बधाई दे रहे थे। वीडियो में मोदी यह कहते सुनाई दे रहे थे, “हम भारत के दो भगोड़े हैं, सबसे बड़े भगोड़े।” इस दौरान विजय माल्या भी हंसते हुए नजर आ रहे थे। मोदी ने व्यंग्यात्मक लहजे में शीर्षक दिया था, “चलिए भारत में इंटरनेट पर फिर से धमाल मचाते हैं।” यह पार्टी लंदन में मोदी के घर पर ही आयोजित की गई थी।
विदेश मंत्रालय का कड़ा रुख
इस वीडियो के वायरल होने के बाद विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सरकार का पक्ष स्पष्ट किया। उन्होंने साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग में कहा:
-
सरकार भारत में वांछित लोगों को वापस लाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
-
इस विशेष मुद्दे पर कई देशों की सरकारों के साथ बातचीत जारी है।
-
कानूनी प्रक्रियाएं कई स्तरों पर चल रही हैं, लेकिन मकसद उन्हें भारतीय अदालतों के कटघरे में खड़ा करना है।
हटाए जा चुके इस वीडियो और उसके बाद आई माफी ने एक बार फिर भगोड़े अपराधियों के प्रत्यर्पण (Extradition) की चर्चा को तेज कर दिया है।
