वॉट्सऐप: मिस्ड कॉल पर अब भेज सकेंगे ‘वीडियो नोट’, कॉलिंग और स्टेटस में भी बदलाव

0
WhatsApp update

नई दिल्ली: मेटा के स्वामित्व वाले लोकप्रिय इंस्टेंट मैसेजिंग ऐप वॉट्सऐप (WhatsApp) ने अपने करोड़ों यूजर्स के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए कई नए फीचर्स जारी किए हैं। कंपनी ने कॉलिंग, डेस्कटॉप इंटरफेस और स्टेटस अपडेट्स में महत्वपूर्ण बदलावों की घोषणा की है, जो आने वाले दिनों में सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध होंगे।

कॉलिंग फीचर में तीन बड़े बदलाव

वॉट्सऐप ने कॉलिंग अनुभव को सुगम बनाने के लिए तीन नए फीचर्स पेश किए हैं:

  1. मिस्ड कॉल पर वॉइस/वीडियो नोट: आईफोन के वॉइसमेल फीचर की तर्ज पर अब वॉट्सऐप पर भी सुविधा मिलेगी। यदि सामने वाला यूजर आपकी कॉल नहीं उठा पाता है, तो आप उसे तुरंत एक वॉइस या वीडियो नोट रिकॉर्ड करके भेज सकेंगे। रिसीवर ऐप खोलते ही एक टैप में यह नोट देख सकेगा।

  2. वॉइस चैट में रिएक्शन: अब वॉइस चैट के दौरान यूजर्स इमोजी के जरिए तुरंत रिएक्ट कर सकेंगे। इसके अलावा, वॉइस चैट से सीधे टेक्स्ट मैसेज चैट में शिफ्ट होना भी अब संभव होगा।

  3. ग्रुप कॉल स्पीकर स्पॉटलाइट: ग्रुप कॉलिंग को बेहतर बनाने के लिए ‘स्पीकर स्पॉटलाइट’ फीचर लाया गया है। इससे यह पहचानना आसान हो जाएगा कि ग्रुप कॉल के दौरान कौन सा सदस्य बात कर रहा है।

डेस्कटॉप यूजर्स को मिलेगा नया ‘मीडिया टैब’

वॉट्सऐप का वेब, विंडोज या मैकबुक पर इस्तेमाल करने वाले यूजर्स के लिए भी बड़ा अपडेट है। डेस्कटॉप वर्जन में अब एक नया ‘मीडिया टैब’ जोड़ा जाएगा। इस टैब की मदद से यूजर्स अपनी चैट्स के सभी डॉक्यूमेंट्स, लिंक्स, फोटो और वीडियो फाइल्स को एक ही स्थान पर व्यवस्थित रूप से ढूंढ सकेंगे। कंपनी का दावा है कि इससे फाइलों को खोजने और काम करने की गति तेज होगी।

स्टेटस और चैनल्स हुए इंटरैक्टिव

वॉट्सऐप स्टेटस को पहले से ज्यादा मजेदार और इंटरैक्टिव बनाया गया है। अब यूजर्स अपने स्टेटस अपडेट के जरिए लोगों से सवाल पूछ सकेंगे, जिन पर उनके कॉन्टैक्ट्स जवाब भी दे पाएंगे। इसके अतिरिक्त, ‘वॉट्सऐप चैनल्स’ पर भी यह सवाल पूछने का फीचर दिया गया है, जिससे एडमिन अपने फॉलोअर्स के साथ रियल टाइम में बेहतर संवाद स्थापित कर सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *