इंडिगो चेयरमैन ने मानी गलती, यात्रियों से मांगी माफी

0
indigo chairman

नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी निजी एयरलाइन इंडिगो एक सप्ताह तक चले संकट के बाद अब सामान्य संचालन की ओर लौट रही है। लंबे समय तक उड़ानें रद्द होने और देरी से परेशान हजारों यात्रियों की नाराजगी के बीच, कंपनी के चेयरमैन और गैर-कार्यकारी स्वतंत्र निदेशक विक्रम सिंह मेहता ने बुधवार (10 दिसंबर 2025) को एक विस्तृत सार्वजनिक संदेश जारी कर एयरलाइन की चूक स्वीकार की और माफी मांगी।

करीब 8 मिनट के वीडियो संदेश में मेहता ने कहा कि कंपनी अपने ग्राहकों की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर पाई और यह अनुभव एयरलाइन के लिए “गंभीर सीख” है। उन्होंने बताया कि 3 दिसंबर से शुरू हुई अचानक रद्दीकरण की श्रृंखला ने पूरे नेटवर्क को अस्त-व्यस्त कर दिया था। हालांकि अब संचालन सामान्य हो चुका है और इंडिगो अपने नियमित शेड्यूल के अनुसार उड़ानें भर रही है।

एफडीटीएल नियमों से बचने के आरोप खारिज

सोशल मीडिया पर यह दावा किया जा रहा था कि इंडिगो ने नए पायलट आराम नियम (Flight Duty Time Limitations) से बचने के लिए जानबूझकर उड़ानें रद्द कीं।
मेहता ने इन आरोपों को पूरी तरह गलत और निराधार बताया।

उन्होंने कहा “एयरलाइन ने जुलाई और नवंबर, दोनों चरणों में पायलट थकान संबंधी नियमों का पूरा पालन किया है। कभी इनका उल्लंघन नहीं किया।”

अचानक फैले संकट के पीछे क्या थीं वजहें?

इंडिगो चेयरमैन ने उस “परफेक्ट स्टॉर्म” का जिक्र किया जिसमें कई कारण एक साथ जुड़ गए विमानों में तकनीकी खराबियां, सर्दियों के शेड्यूल का लागू होना, खराब मौसम, एयर ट्रैफिक नेटवर्क में भीड़भाड़, क्रू रोस्टरिंग से जुड़े नए नियम। इन सभी ने मिलकर देश के सबसे बड़े विमानन नेटवर्क में अचानक गंभीर व्यवधान पैदा कर दिया। मेहता ने माना कि चाहे वजहें कितनी भी जटिल हों, यात्रियों को असुविधा उठानी पड़ी और यह कंपनी के मजबूत रिकॉर्ड पर एक “दाग” की तरह है।

जांच और सुधार के कदम शुरू

मेहता ने बताया कि नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) पहले से ही घटना की जांच कर रहा है। इसके साथ ही इंडिगो ने बाहरी तकनीकी विशेषज्ञों को भी शामिल करने का फैसला किया है, ताकि वास्तविक समस्याओं की पहचान कर भविष्य में ऐसी स्थिति को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि संकट के दौरान बोर्ड पूरी तरह सक्रिय रहा और सीईओ पीटर एल्बर्स सहित सभी वरिष्ठ अधिकारी नेटवर्क स्थिर करने में जुटे रहे।

सामान्य संचालन बहाल, लेकिन भरोसा लौटाना बड़ी चुनौती

मेहता के अनुसार, इंडिगो अब फिर से अपने नियमित संचालन में लौट आई है और 1,900 से अधिक दैनिक उड़ानों के साथ 138 गंतव्यों पर सेवाएं बहाल हो चुकी हैं।

हालांकि उन्होंने माना कि “भरोसा शब्दों से नहीं, हमारे काम से वापस आएगा।”

इसी बीच एयरलाइन ने X (पूर्व में ट्विटर) पर भी अपडेट जारी किया, जिसमें कहा गया कि इंडिगो के 65,000 कर्मचारी संचालन सामान्य करने में पूरी ताकत से लगे हैं। कंपनी की संकट प्रबंधन टीम रोजाना टॉप मैनेजमेंट और ग्राउंड स्टाफ के साथ स्थिति का आकलन कर रही है, ताकि इस तरह की समस्या दोबारा न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *