इंडिगो संकट: सस्ती उड़ानों की कीमत पर थका स्टाफ, टूटता सिस्टम

0
indigo air

फिल्म इंग्लिश-विंग्लिश का एक यादगार दृश्य है—अमिताभ बच्चन श्रीदेवी को विमान में बताते हैं कि अगर उन्हें किसी चीज़ की ज़रूरत हो तो बस बटन दबाना, “देवी जी” यानी एयर होस्टेस तुरंत आ जाएंगी। उड़ान के दौरान एयर होस्टेस की यह ज़िम्मेदारी होती है कि वे यात्रियों की जरूरतें पूरी करें, मुस्कुराती रहें और हमेशा विनम्र दिखें। यह मेहमाननवाज़ी खासकर तब और अहम हो जाती है जब यात्री ऊंचे तबके के हों।

मगर इस सेवा के पीछे एक मानवीय सीमा भी है—कोई भी इंसान बिना विश्राम के लगातार मशीन की तरह काम नहीं कर सकता। जब ब्रेक नहीं मिलता, तो यह कृत्रिम मुस्कान भी टूटने लगती है।

इंडिगो ने स्टाफ को ‘मशीन’ मान लिया

यहीं पर इंडिगो चूक गई। उसने यात्रियों को सस्ती उड़ानों का वादा तो किया, लेकिन अपने कर्मचारियों को लगभग मशीन समझ लिया। लागत कम करने के लिए स्टाफ घटाया, काम के घंटे बढ़ा दिए, कस्टमर केयर में रोबोट बिठा दिए और विमान ऐसे डिजाइन किए कि वे कम ईंधन में लंबी दूरी उड़ सकें।

इंडिगो ने शुरू से ही भोजन सेवा की सुविधा बंद कर दी—कुछ चाहिए तो पैसे दो। सीट चुनने के लिए भी पैसा। “हवाई चप्पल वालों को हवाई यात्रा” का वायदा धीरे-धीरे फीका पड़ गया। कई बार इंडिगो की तथाकथित सस्ती फ्लाइट एयर इंडिया से भी महंगी साबित होती है।

कंपनी के विस्तार की भूख इतनी बढ़ी कि उसने किंगफिशर और जेट एयरवेज जैसी बड़ी एयरलाइंस को अप्रत्यक्ष रूप से बाजार से बाहर कर दिया। टाटा की विस्तारा भी मुश्किल से टिक पा रही है।

35 हज़ार की सैलरी में 16 घंटे की ड्यूटी

इंडिगो के क्रू मेंबर्स की संख्या सीमित है—150 यात्रियों पर तीन–चार स्टाफ। ऐसे में हर कॉल पर दौड़ना कितना कठिन होता है, इसका अंदाज़ा एक एयर होस्टेस की आपबीती से लगाया जा सकता है।

वह सुबह 5:15 की उड़ान पर थी, जिसके लिए रात 2 बजे घर से तैयार होकर निकलना पड़ता है। वापसी की फ्लाइट दोपहर 1 बजे दिल्ली पहुँचती है। घर लौटते-लौटते शाम के 4 बज जाते हैं। यानी रोज़ाना 14–16 घंटे की थकाऊ दिनचर्या।

इसके बावजूद उन्हें वेतन केवल उड़ान के घंटों के आधार पर मिलता है—यानी 6 घंटे की उड़ान तो 6 घंटे की तनख्वाह। महीने भर की कुल कमाई मुश्किल से 40 हज़ार रुपये।

पायलटों की कमी और कंपनी की चुप्पी

पायलटों की हालत भी यही है। दुनिया की किसी भी एयरलाइन का 65% घरेलू बाजार पर एकाधिकार हो और फिर भी उसके पास पर्याप्त पायलट न हों—यह इंडिगो की अजीब दास्तान है। रोज़ 2200 उड़ानें भरने वाली कंपनी आज 1000 से ज्यादा उड़ानें रद्द कर रही है।

कंपनी के मालिक राहुल भाटिया की तरफ़ से आज तक कोई खेद प्रकट नहीं हुआ। CEO पीटर एल्बर्स ने जरूर माफी मांगी, लेकिन समाधान की ठोस तारीख़ देने से बचते रहे।

स्थिति कब सुधरेगी? स्पष्ट नहीं

पीटर एल्बर्स का कहना है कि “शायद 15 दिसंबर तक स्थिति बेहतर हो जाए”, लेकिन पूरी तरह सामान्य होने में और समय लगेगा।

उधर नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने DGCA को जांच का आदेश तो दिया है, लेकिन यह भी साफ है कि वर्षों से इंडिगो FDTL (Flight Duty Time Limitation) के नियमों की अवहेलना करता रहा—और नियामक संस्था ने कभी सख्ती नहीं दिखाई।

जब नियमों के पालन की मांग बढ़ी, इंडिगो ने 2 दिसंबर से उड़ानें रद्द करनी शुरू कर दीं। देखते ही देखते हज़ार से ज़्यादा उड़ानें बंद हो गईं, एयरपोर्ट्स पर अफरा-तफरी मच गई।

FDTL विवाद में इंडिगो की ‘जीत’

सवाल यह है—अगर दूसरी एयरलाइंस को FDTL नियमों से कोई आपत्ति नहीं होती, तो सिर्फ इंडिगो क्यों विरोध करती रही?

सरकार का नियम वापस लेना साफ़ संकेत देता है कि इंडिगो का प्रभाव काफी गहरा है।

किसानों को कृषि कानून वापस करवाने के लिए एक साल तक सड़कों पर बैठना पड़ा, लेकिन इंडिगो ने केवल दो दिन में नियम हटवा लिए।

नियम हटते ही किराए आसमान छूने लगे—दिल्ली–मुंबई का किराया 35 से 45 हज़ार तक पहुंच गया। बाद में सरकार ने दखल देकर कीमतें घटवाईं।

इंडिगो का बिजनेस मॉडल: कम लागत, अधिक मुनाफा

इंडिगो की शुरुआत 2006 में राहुल भाटिया और NRI व्यापारी राकेश गंगवाल ने की थी। गंगवाल विमानन उद्योग के माहिर थे। उनका पहला दांव—एक ही बार में 100 विमान का ऑर्डर—इतना चौंकाने वाला था कि विक्रेता ने 40% तक छूट दे दी।

बाद में इन विमानों को 10% मुनाफे के साथ दूसरी कंपनियों को बेच दिया, और फिर वही विमान किराये पर लेकर उड़ानें शुरू कर दीं।

फिर शुरू हुआ लागत कम करने का खेल—कम स्टाफ, हल्के विमान, कम टर्नअराउंड टाइम। इसी मॉडल ने इंडिगो को छोटी-छोटी जगहों तक पहुंचाया और कंपनी तेज़ी से बढ़ती गई।

आज का संकट—कम स्टाफ और AI निर्भरता का परिणाम

जैसे-जैसे इंडिगो ने AI आधारित प्रक्रियाएं बढ़ाईं और मानव संसाधन घटाए, असली समस्या सामने आने लगी।

पहले पायलटों और क्रू की कमी, फिर नियमों का टकराव, और अंत में उड़ानों की बड़ी संख्या में रद्दीकरण—इन सबने इस संकट को जन्म दिया।

इंडिगो के मौजूदा संकट की जड़ें उसके बिजनेस मॉडल में छिपी हैं—जहां लागत बचत को मानवीय सीमाओं से ऊपर रखा गया। नतीजन एक ऐसी एयरलाइन, जिसने भारतीय आकाश पर कब्जा जमा लिया, आज अपने ही कर्मचारियों, नियमों और यात्रियों के भरोसे के संकट से घिर गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *