4 साल बाद, 11 फरवरी को BJP का मेयर और शिंदे सेना का होगा डिप्टी मेयर
मुंबई: देश की सबसे अमीर महानगरपालिका, बीएमसी (BMC) में करीब चार साल से चल रहा प्रशासक राज अब खत्म होने जा रहा है। मुंबई के अगले महापौर (मेयर) के चुनाव की तारीखों का आधिकारिक ऐलान हो गया है। आगामी 11 फरवरी को मुंबई को अपना नया मेयर और डिप्टी मेयर मिल जाएगा।
चुनाव का पूरा शेड्यूल
बीएमसी कमिश्नर भूषण गगरानी की देखरेख में चुनाव संपन्न कराया जाएगा। तय कार्यक्रम के अनुसार:
-
7 फरवरी: मेयर पद के लिए नामांकन (Nomination) दाखिल किया जाएगा।
-
11 फरवरी: मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए मतदान और चुनाव होगा।
महायुति का सत्ता फॉर्मूला
सूत्रों के अनुसार, महायुति गठबंधन के बीच सीटों का बंटवारा तय हो गया है। इस बार मेयर पद भारतीय जनता पार्टी (BJP) के खाते में गया है, जबकि डिप्टी मेयर का पद एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना को मिलेगा। इसके अलावा, शिंदे सेना को ‘सुधार समिति’ और ‘बेस्ट समिति’ के अध्यक्ष पद भी दिए जा सकते हैं।
इन नामों पर टिकी हैं सबकी नजरें
चूंकि इस बार मेयर का पद ‘सामान्य महिला’ के लिए आरक्षित है, इसलिए बीजेपी की ओर से कई दिग्गज महिला पार्षदों के नाम रेस में हैं:
-
रितु तावडे: घाटकोपर से तीसरी बार की नगरसेविका और पूर्व शिक्षण समिति अध्यक्ष।
-
राजश्री शिरवडकर: तीसरी बार की नगरसेविका और बीजेपी के वरिष्ठ नेता राजेश शिरवडकर की पत्नी।
-
शीतल गंभीर: माहिम से दूसरी बार की नगरसेविका और बीजेपी महिला मोर्चा की अध्यक्ष। इसके अलावा अलका केरकर और हर्षिता नार्वेकर के नामों पर भी मंथन जारी है।
बजट और समितियों पर असर
चुनाव की प्रक्रिया के चलते इस साल बीएमसी के बजट में थोड़ी देरी हुई है। मेयर चुनाव के बाद फरवरी के तीसरे सप्ताह में समितियों के अध्यक्षों का चुनाव होगा, जिसके तुरंत बाद बीएमसी का वार्षिक बजट पेश किया जाएगा।
