#ManToo: पुरुष कर रहे यौन शोषण का खुलासा
लखनऊ, #MeToo की तर्ज पर अब पुरुषों ने महिलाओं के हाथों हुए यौन शोषण का खुलासा करने के लिए #ManToo अभियान शुरू किया है।
मैनटू आंदोलन की शुरुआत एक गैर सरकारी संगठन ने की।
संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ इन्दू सुभाष ने कहा कि समूह लैंगिक तटस्थ कानूनों के लिए लड़ेगा। उन्होंने मांग की कि मीटू अभियान के तहत झूठे मामले दायर करने वालों को सजा मिलनी चाहिए। यह उल्लेख करते हुए कि मीटू एक अच्छा आंदोलन है, उन्होंने हालांकि कहा कि झूठे आरोप लगाकर किसी को फंसाने के लिए इसका दुरुपयोग नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘इस आंदोलन का परिणाम समाज में बड़ी मेहनत से अर्जित लोगों के सम्मान को धूमिल करने के रूप में निकला है।’ मीटू में जहां पीड़िताएं दशकों पहले हुए यौन उत्पीड़न की बात बता रही हैं, वहीं इसके विपरीत मैनटू आंदोलन में हालिया घटनाओं को उठाया जाएगा। मीटू आंदोलन के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि यदि यौन उत्पीड़न का मामला सच्चा है तो पीड़िताओं को सोशल मीडिया पर आने की जगह कानूनी कार्रवाई का सहारा लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मैनटू आंदोलन मीटू आंदोलन का जवाब देने के लिए नहीं है, बल्कि यह पुरुषों की समस्याओं का समाधान करेगा जो महिलाओं के अत्याचारों के खिलाफ नहीं बोलते हैं।
‘मर्द को भी होता है दर्द’
डॉ इन्दू सुभाष ने कहा, ‘पुरुषों के पास असली दुख हैं। वे भी पीड़ित हैं, लेकिन वे महिलाओं और अपने दुराचारियों के खिलाफ खुलकर सामने नहीं आ रहे हैं।’ उन्होंने कहा, ‘हम महिलाओं की सुरक्षा के लिए कानून बनाते हैं। यह अच्छा है, लेकिन हमें नहीं भूलना चाहिए कि मानवता का आधा हिस्सा पुरुष हैं।’
