अवमानना मामले में दिल्ली HC ने केजरीवाल और AAP नेताओं को लगाई फटकार
नई दिल्ली: दिल्ली उच्च न्यायालय (Delhi High Court) ने मंगलवार को एक आपराधिक अवमानना (Criminal Contempt) मामले की सुनवाई करते हुए आम आदमी पार्टी (AAP) के शीर्ष नेताओं को कड़ी फटकार लगाई है। कोर्ट ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और सौरभ भारद्वाज समेत अन्य AAP नेताओं को अपना जवाब दाखिल करने का आखिरी मौका दिया है।
क्या है पूरा मामला?
यह अवमानना मामला दिल्ली हाई कोर्ट की जस्टिस स्वर्णकांता शर्मा के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी करने और अभियान चलाने से जुड़ा है। जस्टिस नवीन चावला की अगुवाई वाली बेंच ने मामले की सुनवाई करते हुए इस पर कड़ी नाराजगी जाहिर की।
‘आप हमें बेवकूफ बना रहे हैं’ – कोर्ट की सख्त टिप्पणी
सुनवाई के दौरान कोर्ट ने AAP नेताओं के ढुलमुल रवैये पर तीखी प्रतिक्रिया दी। बेंच ने सख्त लहजे में कहा, “हम आपको और समय नहीं देंगे। आप हमें बेवकूफ बना रहे हैं। हमारे पास रजिस्ट्री से रिपोर्ट है कि कम्प्लायंस (अनुपालन) हो गया है। आप अभी अपना जवाब फाइल करें वरना हम आपका अधिकार बंद कर देंगे।”
जवाब के लिए 3 हफ्ते की मोहलत
जस्टिस नवीन चावला की बेंच ने आप नेताओं को जवाब दाखिल करने के लिए तीन हफ्ते का अतिरिक्त समय दिया है, लेकिन साथ ही यह स्पष्ट चेतावनी भी दी है कि यदि इस अवधि में जवाब नहीं दिया गया, तो उनका जवाब दाखिल करने का अधिकार समाप्त कर दिया जाएगा।
इस अवमानना मामले में अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और सौरभ भारद्वाज के अलावा AAP नेता दुर्गेश पाठक, संजय सिंह, विनय मिश्रा और देवेश विश्वकर्मा के नाम भी शामिल हैं। अदालत की सहायता के लिए वरिष्ठ अधिवक्ता राजदीपा बेहुरा को इस मामले में न्याय-मित्र (Amicus Curiae) नियुक्त किया गया है।
