LDA की ‘अनंत नगर’ योजना में 637 भूखंडों के लिए पंजीकरण शुरू
20 दिसंबर से 12 जनवरी तक कर सकेंगे आवेदन; मोहान रोड पर 785 एकड़ में विकसित हो रही है हाईटेक टाउनशिप
लखनऊ। नए साल के अवसर पर राजधानी लखनऊ में अपना आशियाना बनाने की चाह रखने वालों के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) एक शानदार मौका लेकर आया है। प्राधिकरण अपनी महत्वाकांक्षी ‘अनंत नगर’ योजना (मोहान रोड) के तीसरे चरण के लिए 637 भूखंडों का पंजीकरण खोलने जा रहा है।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के अनुसार, पंजीकरण की प्रक्रिया 20 दिसंबर से शुरू हो चुकी है और आवेदक 12 जनवरी 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। भूखंडों का आवंटन पूरी तरह पारदर्शी तरीके से लाटरी के माध्यम से किया जाएगा।
पांच श्रेणियों में उपलब्ध हैं भूखंड
योजना के तीसरे चरण में अलग-अलग जरूरतों के हिसाब से पांच श्रेणियों में भूखंड उपलब्ध कराए गए हैं:
-
450 वर्गमीटर: 41 भूखंड
-
288 वर्गमीटर: 224 भूखंड
-
200 वर्गमीटर: 225 भूखंड
-
162 वर्गमीटर: 90 भूखंड
-
112.5 वर्गमीटर: 57 भूखंड
अंतरराष्ट्रीय मानकों पर आधारित टाउनशिप
मोहान रोड पर 785 एकड़ में विकसित हो रही यह योजना ग्रिड पैटर्न पर आधारित है। यहाँ करीब डेढ़ लाख लोगों के रहने की व्यवस्था होगी। योजना की मुख्य विशेषताओं में 130 एकड़ का ग्रीन बेल्ट/पार्क, एडुटेक सिटी, भूमिगत विद्युत केबल, ईवी चार्जिंग स्टेशन और जीरो लिक्विड डिस्चार्ज सिस्टम शामिल हैं।
पंजीकरण की प्रक्रिया
इच्छुक आवेदक एलडीए की आधिकारिक वेबसाइट https://registration.ldalucknow.in/ पर जाकर पंजीकरण करा सकते हैं।
-
वेबसाइट पर लॉगिन कर पंजीकरण पुस्तिका (Brochure) खरीदनी होगी।
-
भूखंड के अनुमानित मूल्य की 5 प्रतिशत धनराशि जमा कर पंजीकरण कराना होगा।
-
सफल पंजीकरण के बाद लाटरी के माध्यम से भाग्यशाली विजेताओं का चयन किया जाएगा।
