दंतेवाड़ा, छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में पुलिस ने एक लाख रुपये के इनामी नक्सली को गिरफ्तार कर लिया है।

दंतेवाड़ा जिले के पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यहां बताया कि जिले के फरसपाल थाना क्षेत्र के अंतर्गत मासोड़ी गांव के करीब पुलिस ने दंडकारण्य आदिवासी किसान मजदूर संगठन के अध्यक्ष कोपाराम कडती को गिरफ्तार किया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरसपाल थाना क्षेत्र में नक्सली गतिविधि की सूचना के बाद क्षेत्र में पुलिस दल को रवाना किया गया था। बाद में दल ने माओवादी कोपाराम कडती उर्फ वीर सिंह को मासोड़ी गांव के करीब से गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार माओवादी से पांच नक्सली बैनर और पंफ्लेट बरामद किये गये हैं।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार माओवादी 2007 से नक्सली संगठन में जुड़कर कार्य कर रहा था। वह मुख्य रूप से माओवादियों के लिए दैनिक उपयोगी सामग्री उपलब्ध कराने, नक्सली विचारधारा का प्रचार- प्रसार करने, गांव वालों को नक्सली संगठन से जोड़ने, माओवादियों के कहने पर ग्रामीणों की बैठक बुलाने तथा पुलिस की रेकी करने का कार्य करता था।

अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार माओवादी के सर पर एक लाख रूपए का इनाम घोषित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *