सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद नहीं जला दीप, विजय सरकार ने SC में मांगी माफी

0
dipam vivad
चेन्नई/नई दिल्ली। तमिलनाडु के मदुरै स्थित थिरुपरनकुंड्रम पहाड़ी पर ‘कार्तिगई दीपम’ जलाने को लेकर छिड़ा विवाद अब बड़े संवैधानिक और कानूनी टकराव का रूप ले चुका है। सुप्रीम कोर्ट की अंतरिम अनुमति के बावजूद 24 नवंबर को पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में स्थित ‘दीपथून’ पत्थर के खंभे पर दीपक नहीं जलाया गया। इस मामले में अब तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने सख्त रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। वहीं, राज्य सरकार और मदुरै जिला प्रशासन ने सुप्रीम कोर्ट में अपनी स्थिति रिपोर्ट दाखिल कर आदेश का पालन न हो पाने के लिए माफी मांगी है।
राज्यपाल ने अनुच्छेद 167(b) के तहत मुख्यमंत्री विजय से मांगा जवाब
सुप्रीम कोर्ट के स्पष्ट निर्देश के बावजूद 24 नवंबर को दीपथून पर दीप प्रज्वलित न किए जाने को लेकर राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर ने संवैधानिक अधिकारों (अनुच्छेद 167(b)) का उपयोग करते हुए मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की सरकार से स्पष्टीकरण तलब किया है। राज्यपाल ने सरकार से यह बताने को कहा है कि शीर्ष अदालत की अनुमति के बाद भी किन परिस्थितियों में दीपथून पर दीपक नहीं जलाया गया और पुलिस व प्रशासन की ओर से जमीनी स्तर पर क्या कदम उठाए गए।
सुप्रीम कोर्ट में सरकार ने मांगी माफी, मंदिर ट्रस्ट पर ठहराया ठीकरा
बुधवार (25 नवंबर) को तमिलनाडु सरकार और मदुरै के जिला कलेक्टर निशांत कृष्णा ने सुप्रीम कोर्ट में अपनी स्टेटस रिपोर्ट पेश की। इस दौरान प्रशासन की ओर से अदालत के सामने मुख्य रूप से निम्नलिखित दलीलें रखी गईं:
  • प्रशासन की तैयारी और माफी: जिला कलेक्टर ने अदालत से बिना शर्त माफी मांगते हुए कहा कि जिला प्रशासन ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन कराने के लिए सद्भावना के साथ सभी आवश्यक तैयारियां की थीं।

  • मंदिर ट्रस्ट की असहमति: सरकार और कलेक्टर ने दीपक न जलने के लिए मंदिर प्रशासन और देवस्थानम बोर्ड (ट्रस्ट) को जिम्मेदार ठहराया। रिपोर्ट में कहा गया कि मंदिर ट्रस्ट ने अपनी पारंपरिक रीतियों का हवाला देते हुए दीपथून पर दीपक जलाने वाली टीम को अधिकृत (मंजूरी) नहीं किया और केवल पूर्व निर्धारित पारंपरिक स्थान पर ही दीप जलाने का निर्णय लिया।

  • अवमानना कार्रवाई पर कोर्ट का रुख: याचिकाकर्ताओं के वकील ने अधिकारियों पर जानबूझकर आदेश की अवहेलना करने का आरोप लगाते हुए अवमानना कार्रवाई की मांग की, जिस पर सुप्रीम कोर्ट ने स्वतः संज्ञान लेने से इनकार करते हुए याचिकाकर्ताओं को अलग से अवमानना याचिका दाखिल करने की स्वतंत्रता दी।

आखिर क्या है थिरुपरनकुंड्रम दीपम विवाद?
मदुरै की थिरुपरनकुंड्रम पहाड़ी पर हर साल कार्तिगई दीपम उत्सव बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। पारंपरिक रूप से पहाड़ी के निचले हिस्से में स्थित उचिपिल्लैयार मंदिर के पास दीप मंडपम में दीपक जलाया जाता है। हालांकि, हिंदू संगठनों और श्रद्धालुओं की लंबे समय से मांग रही है कि पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में स्थित प्राचीन पत्थर के स्तंभ ‘दीपथून’ पर भी दीप जलाया जाए। यह स्तंभ हजरत सुल्तान सिकंदर बादशाह औलिया दरगाह से करीब 50 मीटर की दूरी पर स्थित है। दरगाह पक्ष पहाड़ी के ऊपरी हिस्से पर अपना अधिकार बताते हुए इसका विरोध करता रहा है।
दीपथून पर दोबारा दीपक जलाने के लिए सुप्रीम कोर्ट में नई याचिका
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को एक अंतरिम आदेश जारी कर 24 नवंबर को सीमित टीम के साथ एक बार दीपथून पर दीपक जलाने की अनुमति दी थी, लेकिन 24 नवंबर को केवल उचिपिल्लैयार मंदिर के पास ही दीप जलाया गया। इसके बाद 25 नवंबर को याचिकाकर्ताओं की ओर से सुप्रीम कोर्ट में एक नई अर्जी दाखिल की गई है। याचिका में कहा गया है कि उचिपिल्लैयार मंडपम में जलाया गया दीप 11 दिनों तक प्रज्वलित रहता है, इसलिए उसकी ज्योति को दीपथून स्तंभ तक ले जाकर वहां दीप जलाने का निर्देश दिया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *