हरिद्वार अर्द्धकुंभ 2027: 21 करोड़ श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना
देहरादून। जनवरी 2027 से हरिद्वार में शुरू होने जा रहे अर्द्धकुंभ मेले में इस बार 15 से 21 करोड़ श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं की इतनी बड़ी संख्या और सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता बनाए रखने के लिए उत्तराखंड पुलिस विभाग ने चार पड़ोसी राज्यों—उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली और हिमाचल प्रदेश—से अतिरिक्त पुलिस बल की डिमांड भेजी है। इन राज्यों से नागरिक पुलिस के साथ-साथ ट्रैफिक पुलिस, फायर सर्विस, इंटेलिजेंस और पीएसी (PAC) की कई कंपनियां अर्द्धकुंभ की सुरक्षा में तैनात रहेंगी।
किस राज्य से मांगी गई कितनी पुलिस फोर्स?
पुलिस विभाग की ओर से सबसे अधिक सुरक्षाकर्मियों की मांग उत्तर प्रदेश से की गई है। चारों राज्यों से मांगी गई फोर्स का विवरण इस प्रकार है:
-
उत्तर प्रदेश: नागरिक पुलिस के 2,195 जवान, ट्रैफिक पुलिस के 330 जवान, फायर के 187, इंटेलिजेंस के 200 जवान और पीएसी की कुल 48 कंपनियां (जिसमें 45 पुरुष, 2 महिला और 1 फ्लड कंपनी शामिल है) मांगी गई हैं।
-
हरियाणा: नागरिक पुलिस के 1,105 जवान, ट्रैफिक पुलिस के 65, फायर के 100, इंटेलिजेंस के 45 जवान और पीएसी की 12 कंपनियां तैनात करने की डिमांड भेजी गई है।
-
हिमाचल प्रदेश: नागरिक पुलिस के 555 जवान, ट्रैफिक पुलिस के 65, फायर के 36, इंटेलिजेंस के 18 जवान और पीएसी की 12 कंपनियां मांगी गई हैं।
-
दिल्ली: नागरिक पुलिस के 55 जवान, ट्रैफिक पुलिस के 65, फायर के 58 और इंटेलिजेंस के 18 जवानों की मांग की गई है।
तीन राज्यों की घुड़सवार टीमें, ATS, NSG और साइबर कमांडो भी रहेंगे मुस्तैद
मेला क्षेत्र में भीड़ नियंत्रण और निगरानी के लिए तीन राज्यों की घुड़सवार पुलिस टीमें भी तैनात की जाएंगी। इनमें उत्तर प्रदेश से 15 घोड़े व 35 जवान, मध्य प्रदेश से 20 घोड़े व 20 जवान और राजस्थान से 20 घोड़े व 20 जवान शामिल रहेंगे। इसके अलावा, अर्द्धकुंभ के प्रथम व द्वितीय चरण के दौरान आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) की 6 टीमें (प्रत्येक टीम में 12 जवान), राष्ट्रीय सुरक्षा गारद (NSG) की 6 टीमें और साइबर कमांडो की 25 टीमें सुरक्षा मोर्चे पर मुस्तैद रहेंगी।
2010 के मुकाबले डेढ़ गुना अधिक तैनात होगा सुरक्षा बल
वर्ष 2010 में आयोजित कुंभ में करीब 4.35 करोड़ श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया था, जबकि 2027 के अर्द्धकुंभ में यह आंकड़ा 15 से 21 करोड़ तक पहुंचने का अनुमान है। इसी को देखते हुए इस बार वर्ष 2010 के मुकाबले डेढ़ गुना अधिक पुलिस फोर्स तैनात की जाएगी। आवश्यक पुलिस बल के मूल आकलन के अनुसार, मेले में नागरिक पुलिस के 6,393 निरीक्षक, उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षी व आरक्षी तैनात होंगे। साथ ही पीएसी की 54 कंपनियां, महिला पीएसी की 3 कंपनियां, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की 100 कंपनियां तथा होमगार्ड व पीआरडी के 4,000 जवान भी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे।
