अमित मालवीय से सोशल मीडिया की जिम्मेदारी हटी, दीपक म्हस्के बने नए प्रमुख

0
amit malviy

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया है। संगठनात्मक फेरबदल के तहत पार्टी के डिजिटल और सोशल मीडिया ढांचे में बड़ा बदलाव किया गया है। छत्तीसगढ़ के दीपक म्हस्के को नया राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही लंबे समय से पार्टी के डिजिटल और आईटी संचालन से जुड़े अमित मालवीय से सोशल मीडिया की जिम्मेदारी हटा दी गई है।

हालांकि, लाइव हिन्दुस्तान की रिपोर्ट के मुताबिक अमित मालवीय बीजेपी के नेशनल आईटी इंचार्ज बने रहेंगे। यानी पार्टी के डिजिटल ढांचे में उनकी भूमिका पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है।

चार नेताओं को सोशल मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी

दीपक म्हस्के के साथ पार्टी ने सोशल मीडिया टीम को मजबूत करने के लिए चार सह-संयोजक भी नियुक्त किए हैं। इनमें महाराष्ट्र से प्रीति गांधी, दिल्ली से शिवानंद द्विवेदी, उत्तराखंड से आलोक भट्ट और हरियाणा से अरुण यादव शामिल हैं।

वहीं, अनिल बलूनी को राष्ट्रीय मीडिया संयोजक के पद पर बरकरार रखा गया है। उनके साथ आशीष अग्रवाल, प्रदीप भंडारी और सिद्धार्थ यादव को सह-मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।

कौन हैं दीपक म्हस्के?

दीपक म्हस्के लंबे समय से बीजेपी के संगठन और डिजिटल अभियानों से जुड़े रहे हैं। रिपोर्टों के मुताबिक वे वर्ष 2009 से पार्टी से जुड़े हैं और चुनावी आंकड़ों के विश्लेषण तथा तकनीक आधारित राजनीतिक अभियानों का अनुभव रखते हैं। वे पेशे से केमिस्ट्री के प्रोफेसर भी रहे हैं और छत्तीसगढ़ में बीजेपी के आईटी संगठन के साथ काम कर चुके हैं।

अमित मालवीय ने नई टीम को दी बधाई

अमित मालवीय ने सोशल मीडिया पर नई टीम को बधाई दी और कहा कि वह टीम के सदस्यों के साथ पिछले करीब एक दशक से काम करते रहे हैं। उन्होंने नई टीम के बीजेपी के डिजिटल संचार को आगे बढ़ाने पर भरोसा जताया।

नितिन नबीन की टीम में कई बड़े नाम

बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम में कई वरिष्ठ नेताओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिली हैं। वसुंधरा राजे, राम माधव, स्मृति ईरानी और बैजयंत पांडा को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। बी.एल. संतोष राष्ट्रीय संगठन महासचिव के पद पर बने हुए हैं।

पार्टी के मुताबिक यह फेरबदल आगामी चुनावों और संगठन के विस्तार को ध्यान में रखते हुए किया गया है। डिजिटल और सोशल मीडिया टीम में बदलाव को बीजेपी की राजनीतिक संचार रणनीति में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *