EPFO 3.0: दिसंबर के अंत तक UPI से PF निकाल सकेंगे करोड़ों कर्मचारी
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। पीएफ खाताधारकों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) जल्द ही अपने करोड़ों सदस्यों को यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) के जरिए प्रोविडेंट फंड (PF) का पैसा निकालने की सुविधा देने जा रहा है। संगठन ने इस डिजिटल सेवा को दिसंबर 2026 के अंत तक शुरू करने का लक्ष्य रखा है। इस सुविधा के लागू होने के बाद कर्मचारी अपने पीएफ खाते से मंजूर निकासी की राशि सीधे BHIM ऐप (UPI) के माध्यम से अपने लिंक बैंक खाते में तुरंत प्राप्त कर सकेंगे, जिससे लंबी कागजी प्रक्रिया और हफ्तों के इंतजार से छुटकारा मिलेगा।
UPI से ₹1,000 से कम नहीं निकाल पाएंगे पैसा? EPFO द्वारा तैयार किए जा रहे शुरुआती प्रस्ताव के तहत UPI के माध्यम से पीएफ निकासी के लिए न्यूनतम ट्रांजैक्शन लिमिट तय करने पर विचार किया जा रहा है:
-
न्यूनतम निकासी सीमा: प्रस्ताव के अनुसार, UPI के जरिए एक बार में कम से कम 1,000 रुपये निकाले जा सकेंगे, यानी 1,000 रुपये से कम की निकासी इस माध्यम से नहीं हो पाएगी।
-
लिमिट तय करने का उद्देश्य: इस सीमा को रखने के पीछे EPFO का मकसद बेहद छोटी-छोटी रकम निकालने के लिए बार-बार क्लेम करने की प्रवृत्ति को कम करना है, ताकि संगठन के सर्वर और सिस्टम पर ट्रांजैक्शन प्रोसेसिंग का अनावश्यक बोझ न पड़े।
-
आधिकारिक घोषणा का इंतजार: फिलहाल 1,000 रुपये की न्यूनतम सीमा केवल प्रस्तावित है और इसे लेकर अंतिम आधिकारिक घोषणा होना अभी बाकी है। निकासी की अधिकतम सीमा और पात्रता से जुड़े मौजूदा नियम पहले की तरह ही लागू रहेंगे।
दो चरणों में पूरी हुई सफल टेस्टिंग, 102 क्लेम हुए सेटल
UPI से पीएफ निकासी की सुविधा को धरातल पर उतारने के लिए तकनीकी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। अधिकारियों के मुताबिक, अलग-अलग यूजर ग्रुप्स के बीच दो राउंड की टेस्टिंग पूरी कर ली गई है और ट्रायल के दौरान सामने आई तकनीकी खामियों को दुरुस्त किया गया है। क्लोज्ड यूजर ग्रुप (CUG) टेस्टिंग के दौरान 102 PF क्लेम सफलतापूर्वक सेटल किए गए, जिनके जरिए 4.97 लाख रुपये से अधिक की राशि लाभार्थियों के बैंक खातों में UPI के माध्यम से तुरंत क्रेडिट की गई। इस तकनीकी परीक्षण में C-DAC, NPCI, BHIM और भारतीय स्टेट बैंक (SBI) जैसी प्रमुख संस्थाएं शामिल हैं।
CITES 2.0 की वजह से बढ़ी समयसीमा, ‘EPFO 3.0’ का अहम हिस्सा
गौरतलब है कि पहले इस सुविधा को वित्त वर्ष 2025-26 के अंत तक शुरू करने की योजना थी, लेकिन EPFO के नए सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म सेंट्रलाइज्ड आईटी-इनेबल्ड सिस्टम 2.0 (CITES 2.0) से जुड़ी तकनीकी अड़चनों और सिस्टम इंटीग्रेशन में समय लगने के कारण इसे आगे बढ़ाना पड़ा। वर्तमान में बची हुई तकनीकी समस्याओं को दूर करने पर काम चल रहा है। यह पूरी पहल ‘EPFO 3.0’ प्रोजेक्ट का हिस्सा है, जिसके तहत संगठन अपनी सेवाओं को आधुनिक बैंकिंग प्रणाली की तर्ज पर तेज, पारदर्शी और पूरी तरह डिजिटल बनाने की दिशा में काम कर रहा है।
